यूजीसी नेट जून 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की री-एग्जाम के लिए एडवांस एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स की मदद से आधिकारिक UGC NET पोर्टल पर जाकर आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं।
एनटीए के अनुसार, इन तीनों विषयों की पुनर्परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। एडवांस सिटी स्लिप जारी होने से अभ्यर्थियों को यात्रा और ठहरने की योजना पहले से बनाने में सुविधा मिलेगी।
दरअसल 28 अगस्त को एनटीए ने यूजीसी नेट जून 2026 के 87 में से 84 विषयों के परिणाम घोषित किए थे। वहीं अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में कई त्रुटियों की शिकायत मिलने के बाद इनकी पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
शिकायतों की जांच के लिए गठित समिति ने पाया कि प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी कई गलतियां थीं। रिपोर्ट में विद्वानों के नामों की गलत वर्तनी, पुस्तकों के शीर्षकों में त्रुटियां, प्रश्नों की भाषा संबंधी गलतियां, व्याकरण और विराम चिह्न की अशुद्धियां तथा पहले की परीक्षाओं से बड़ी संख्या में प्रश्न दोहराए जाने की पुष्टि हुई। समिति की सिफारिश पर निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए तीनों विषयों की री-एग्जाम आयोजित की जा रही है।


