भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी आक्रामक सेंटर हाफ मनप्रीत सिंह पुट्ठे की मांसपेशी में खिंचाव के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मनप्रीत सिंह की जगह विवेक सागर प्रसाद संभालेंगे। भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘हर टीम यहां टूर्नामेंट जीतने आई है। सभी टीमें मजबूत हैं और हम किसी भी प्रतिद्वंदवी को हल्के में नहीं ले सकते हैं। हर कोई टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रष्ठ देने की कोशिश करेगा। हमारी टीम खासी अनुभवी और परिपक्व है। हम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं।‘लंबे अरसे से बाहर रहने के बाद गोलरक्षक कृष्ण बहादुर पाठक ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मोहित एचएस की जगह भारतीय टीम में वापसी की है। वहीं विश्व कप में खेलने के बाद एशियाई खेलों के लिए टीम से बाहर किए जाने के बाद आक्रामक मिडफील्डर आदित्य अर्जुन लालगे और ड्रैग फ्लिकर अमनदीप लाकरा ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम में लौटे हैं। मेजबान भारत को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में खिताब बरकरार रखने के लिए मलयेशिया और जापान से ही चुनौती मिल सकती है। भारत ने 2026 खेलों में पाकिस्तान के खिलाफ पूल मैच को छोड़ कर अपने सेमीफाइनल और फाइनल सहित अपने सभी मैच एकतरफा अंदाज में जीते थे। मनप्रीत सिंह के पुठ्ठे की चोट के चलते बाहर होने से अब मौजूदा भारतीय टीम में पंजाब के नौ खिलाड़ी रह गए हैं।
हॉकी इंडिया के सूत्रों पर यकीन करें तो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भारत के लगभग आधा दर्जन बुढ़ाते खिलाड़ियों का विदाई टूर्नामेंट हो सकता है। इसके संकेत चीफ कोच क्रेग फुल्टन ने भारत के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद इस बयान से मिलता है कि उनकी निगाह अब 2028 के लिए भारत की नई टीम बनाने पर है। तब मुमकिन है एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बाद 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक की साइकिल में नई भारतीय टीम बनाने के क्रम में फिलहाल टीम से बाहर हरियाणा के डिफेंसिव मिडफील्डर यशदीप सिवाच, आक्रामक सेंटर हाफ राज कुमार पाल, अरिजित सिंह हुंदल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह के साथ नवोदित अंगदबीर सिंह की टीम में वापसी हो सकती है।
भारत अपने अभियान का आगाज जालंधर में 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ करने के बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, 1 नवंबर को मलेशिया और 2 नवंबर को आखिरी लीग मैच दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा। भारत के सभी लीग मैच शाम सात बजे से शुरू होंगे। मेजबान भारत सहित टूर्नामेंट में मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन व बांग्लादेश सहित छह टीमें राउंड रॉबिन लीग में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी और शीर्ष चार में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। मोहाली में 4 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल और पांचवें व छठे स्थान पर रहने वाली टीमों का मैच और 5 नवंबर को फाइनल व तीसरे स्थान के मैच होंगे।


