ग्रामीण विकास मंत्रालय अक्टूबर से दीनदयाल उपाध्याय-ग्रामीण कौशल्य योजना यानी डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बड़े स्तर पर कौशल प्रशिक्षण शुरू करने जा रहा है। योजना के अंतर्गत अक्टूबर में लगभग 70,000 ग्रामीण युवाओं के लिए 2,015 प्रशिक्षण बैच शुरू होने की उम्मीद है।
डीडीयू-जीकेवाई 2.0 पोर्टल के अनुसार, अब तक 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों यानी पीआईए को 1,200 से अधिक परियोजनाओं के लिए करीब 5.6 लाख प्रशिक्षण लक्ष्य आवंटित किए हैं। अन्य राज्य भी लक्ष्य आवंटन की प्रक्रिया के उन्नत चरण में हैं।
डीडीयू-जीकेवाई गरीब ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जुड़ा कौशल प्रशिक्षण देने वाली केंद्र प्रायोजित योजना है। इसके तहत प्रशिक्षण की अवधि 3 महीने से 12 महीने तक हो सकती है। डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के अंतर्गत वर्ष 2026-28 की दो वर्षीय अवधि के लिए सभी 31 भागीदार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 9 लाख से अधिक प्रशिक्षण लक्ष्य दिए गए हैं।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण के लिए जोड़ने, उनकी मांग के अनुसार पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने और सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क यानी एनएसक्यूएफ के अनुरूप रोजगार आधारित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीआईए को लक्ष्य आवंटित करने की प्रक्रिया तेज करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रशिक्षण बैच शुरू करने को कहा है। सभी लक्ष्य 31 अक्टूबर 2026 तक आवंटित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण शुरू होने की प्रगति की समीक्षा के लिए मंत्रालय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ चरणबद्ध बैठकें भी कर रहा है।


