उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में प्याज की खेती करने वाले किसानों के लिए विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) के वैज्ञानिकों ने उन्नत किस्म वीएल प्याज-3 विकसित की है। यह किस्म कड़ाके की ठंड, तापमान में उतार-चढ़ाव और समय से पहले डंठल निकलने की समस्या (बोल्टिंग) के प्रति प्रतिरोधी है। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाली उपज मिलने की उम्मीद है।
पर्वतीय क्षेत्रों में फरवरी और मार्च के दौरान तापमान में बदलाव से प्याज की फसल में बोल्टिंग की समस्या बढ़ जाती है। इससे कंद छोटे और सख्त रह जाते हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता और बाजार मूल्य प्रभावित होता है। नई किस्म इस समस्या को कम करने में सहायक होगी।
संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. निर्मल कुमार हेड़ाऊ के अनुसार, निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के मार्गदर्शन में विकसित इस किस्म को विदेशी लाइन बीवाईजी-2207 ए और भारतीय उन्नत किस्म के संकरण से तैयार किया गया है। इसके पौधों की ऊंचाई 50 से 60 सेंटीमीटर और कंदों का वजन 80 से 120 ग्राम तक होता है।
वीएल प्याज-3 की प्रमुख विशेषता इसकी भंडारण क्षमता है। इसे सामान्य तापमान पर छह महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यह फफूंदजनित बैंगनी धब्बा रोग के प्रति भी प्रतिरोधी है, जिससे कीटनाशकों और फसल संरक्षण पर खर्च घटने की संभावना है।
संस्थान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उप-योजनाओं के तहत किसानों को निःशुल्क बीज और उन्नत खेती का प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है। निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के छोटे किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।


