ब्रिटेन की शेफील्ड हैलम यूनिवर्सिटी ने जनवरी 2027 सत्र के लिए ‘ट्रांसफॉर्म टुगेदर स्कॉलरशिप’ के आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस योजना के तहत चयनित अंतरराष्ट्रीय छात्रों को पहले वर्ष की ट्यूशन फीस में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। छात्रवृत्ति मुख्य रूप से उन विद्यार्थियों के लिए है, जो विश्वविद्यालय में फुल-टाइम पोस्ट-ग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश लेना चाहते हैं।
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्र का अंतरराष्ट्रीय शुल्क श्रेणी में होना और अपनी पढ़ाई का खर्च स्वयं वहन करना जरूरी है। साथ ही, आवेदक को शेफील्ड हैलम यूनिवर्सिटी के किसी योग्य फुल-टाइम पोस्ट-ग्रेजुएट प्रोग्राम में प्रवेश का ऑफर मिल चुका होना चाहिए। उम्मीदवार को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और अंग्रेजी भाषा संबंधी सभी प्रवेश आवश्यकताओं को भी पूरा करना होगा।
पोस्ट-ग्रेजुएट आवेदक के पास अंडर-ग्रेजुएट डिग्री में कम से कम 2.1 ग्रेड या उसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवार ने पहले किसी देश से पोस्ट-ग्रेजुएट स्तर की डिग्री या समकक्ष योग्यता हासिल नहीं की हो। छात्र को स्कॉलरशिप के बाद बची हुई ट्यूशन फीस और कोर्स से जुड़े अन्य खर्च वहन करने में सक्षम होना चाहिए।
उम्मीदवारों का चयन प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के आधार पर होगा। इसमें शैक्षणिक उपलब्धियों, योग्यता, पूर्व प्रदर्शन और विश्वविद्यालय समुदाय में सकारात्मक योगदान देने की क्षमता को देखा जाएगा। यह भी आंका जाएगा कि छात्र पढ़ाई के दौरान और डिग्री पूरी करने के बाद विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि के रूप में किस तरह योगदान दे सकता है।
जनवरी 2027 इंटेक के लिए स्कॉलरशिप आवेदन की अंतिम तिथि 1 नवंबर 2026 है। आवेदन के साथ शैक्षणिक ट्रांसक्रिप्ट जमा करना जरूरी होगा। चयनित उम्मीदवारों से विश्वविद्यालय नवंबर 2026 के अंत तक संपर्क करेगा। अधिक जानकारी शेफील्ड हैलम यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।


