देश के सबसे बड़े अर्बन कोऑपरेटिव बैंकों में शामिल सारस्वत को-ऑपरेटिव बैंक में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। समीर कुमार बनर्जी को बैंक का नया चेयरमैन निर्विरोध चुना गया है। वे निवर्तमान चेयरमैन गौतम ठाकुर का स्थान लेंगे। वहीं किशोर गुरुदास मसुरकर को बैंक का नया वाइस चेयरमैन निर्विरोध चुना गया है। दोनों नियुक्तियों को सहकारिता मंत्रालय के अंतर्गत कोऑपरेटिव इलेक्शन अथॉरिटी की मंजूरी मिल गई है।
गौतम ठाकुर के कार्यकाल के दौरान सारस्वत बैंक के कारोबार में 70,000 करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई, जिसे बैंक की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। वर्तमान में बैंक का कुल बिजनेस 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।
नए चेयरमैन समीर कुमार बनर्जी करीब पांच दशकों से सारस्वत बैंक से जुड़े हुए हैं। वे इससे पहले बैंक के वाइस-चेयरमैन थे। उन्होंने बीएससी ऑनर्स के साथ DBM, LL.M. और F.I.I.B.F. जैसी योग्यताएं हासिल की हैं। बैंक में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासन, ऑडिट, लीगल, ट्रेजरी, ऑपरेशंस, अकाउंट्स, मार्केटिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारी संभाली है।
बनर्जी वर्ष 2002 से 2017 तक सारस्वत बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर भी रहे। वर्तमान में वे बोर्ड की एग्जीक्यूटिव एंड एचआर कमेटी के चेयरमैन और क्रेडिट कमेटी के सदस्य हैं।
वाइस-चेयरमैन चुने गए किशोर गुरुदास मसुरकर ने मुंबई विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में एमएससी और एडमिनिस्ट्रेटिव मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया है। वे रिसर्च आधारित फार्मास्यूटिकल समूह Entod International Group के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जो विशेष रूप से नेत्र संबंधी उत्पादों के क्षेत्र में काम करता है। सारस्वत को-ऑपरेटिव बैंक के 19 सदस्यीय निदेशक मंडल का चुनाव भी निर्विरोध संपन्न हुआ।


