बैंक में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिस के 1,500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए बैंक की आधिकारिक वेबसाइट indianbank.bank.in पर जाना होगा।
इंडियन बैंक की ओर से यह भर्ती अप्रेंटिस अधिनियम, 1961 के तहत की जा रही है। कुल 1,500 रिक्तियां देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में निकाली गई हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को आवेदन से पहले अपने राज्य में उपलब्ध पदों की संख्या और संबंधित शर्तों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लेनी चाहिए। भर्ती का नोटिफिकेशन 4 नवंबर 2026 को जारी किया गया है।
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ने की सलाह दी गई है।
अप्रेंटिस पदों पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति के दौरान हर महीने 12,300 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 800 रुपये के साथ जीएसटी का भुगतान करना होगा। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये प्लस जीएसटी निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को इंडियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करियर सेक्शन में भर्ती से संबंधित लिंक खोलना होगा। इसके बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। उम्मीदवारों को आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।


