नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है, वे अब NIOS की आधिकारिक वेबसाइट sdmis.nios.ac.in पर जाकर अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए छात्रों को अपना 12 अंकों का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। यह सुविधा सभी स्ट्रीम के पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध है। NIOS ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं जिन्होंने परीक्षा शुल्क जमा किया है और जिनकी फोटो संस्थान के रिकॉर्ड में उपलब्ध है।
यदि किसी छात्र का एडमिट कार्ड फोटो उपलब्ध न होने के कारण डाउनलोड नहीं हो रहा है, तो उसे अपने नजदीकी NIOS अध्ययन केंद्र से संपर्क करना होगा।
विद्यार्थी सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और होमपेज पर दिए गए Hall Ticket/Admit Card सेक्शन पर क्लिक करें। इसके बाद 12 अंकों का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर थ्योरी या प्रैक्टिकल परीक्षा का एडमिट कार्ड चुनें और सबमिट करें। स्क्रीन पर हॉल टिकट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद छात्र अपना नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र का कोड, परीक्षा केंद्र का पता, परीक्षा की तिथि और परीक्षा का समय ध्यानपूर्वक जांच लें। किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत NIOS केंद्र से संपर्क करें।


