सहकारिता आधारित रिटेल व्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) और सेंट्रल फाइनेंशियल क्रेडिट एंड इन्वेस्टमेंट को-ऑपरेटिव (इंडिया) लिमिटेड (CFCICI) ने हाथ मिलाया है। दोनों संस्थानों ने उपभोक्ता उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और मजबूत सहकारी खुदरा नेटवर्क विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह समझौता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की उपस्थिति में हुआ। इस साझेदारी के तहत NCCF ने अपने Janah’ उत्पादों की बिक्री की शुरुआत की, जबकि NCCF और CFCICI के सहयोग से विकसित Vanitham She-Mart Shops का भी शुभारंभ किया गया।
यह पहल सहकारी क्षेत्र में रिटेल के नए मॉडल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। She-Mart Shops के माध्यम से उपभोक्ताओं को सहकारी संस्थाओं द्वारा तैयार किए गए गुणवत्तापूर्ण उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। साथ ही, इन स्टोर्स के संचालन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देकर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
She-Mart Shops में मिलेंगे Bharat Atta और Bharat Rice
NCCF ने Vanitham She-Mart Shops के माध्यम से ‘भारत आटा’ और ‘भारत चावल की बिक्री भी शुरू की है। इन उत्पादों के जरिए उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
सहकारी रिटेल नेटवर्क के विस्तार से NCCF के उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और उपभोक्ताओं को भरोसेमंद उत्पादों तक आसान पहुंच प्राप्त होगी। यह पहल सरकार के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन के अनुरूप सहकारी संस्थाओं की व्यावसायिक क्षमता बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
300 नए She-Mart Shops खोलने की योजना
NCCF ने रिटेल विस्तार को गति देने के लिए भारत लजना सहकारी समिति के साथ भी एक समझौता किया है। इसके तहत केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 300 She-Mart Shops स्थापित किए जाएंगे।
इन स्टोर्स के माध्यम से स्थानीय स्तर पर सहकारी उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी, साथ ही छोटे कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। यह मॉडल महिलाओं और स्थानीय सहकारी समितियों को बाजार से जोड़ने में मदद करेगा।
मत्स्य आपूर्ति श्रृंखला को भी मिलेगा बढ़ावा
NCCF ने मत्स्य क्षेत्र में आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए भारतीय मत्स्य प्रवर्तक संघ के साथ भी समझौता किया है। इसके तहत मत्स्य उत्पादों के संग्रह, वितरण और विपणन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
यह साझेदारी सहकारी संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ किसानों, मछुआरों और उपभोक्ताओं के बीच एक मजबूत बाजार कड़ी विकसित करने का प्रयास है।
सहकारी रिटेल के विस्तार की नई दिशा
NCCF लंबे समय से उपभोक्ताओं को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने और किसानों व उत्पादकों को बाजार से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। नई साझेदारियों के माध्यम से फेडरेशन अब अपने रिटेल नेटवर्क को और व्यापक बनाने की तैयारी में है।
NCCF और CFCICI का यह सहयोग सहकारी उत्पादों को घर-घर तक पहुंचाने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और सहकारी व्यापार मॉडल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में She-Mart Shops देश में सहकारी रिटेल के विस्तार का नया माध्यम बन सकते हैं।


