महाराष्ट्र में इंजीनियरिंग और फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने महाराष्ट्र हेल्थ एंड टेक्निकल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (MHT-CET) के दोनों प्रयास 12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद आयोजित करने का फैसला लिया है। नई व्यवस्था इसी वर्ष से लागू की जाएगी।
विभाग के अनुसार, यह निर्णय अभिभावकों, प्रवेश परामर्शदाताओं और अन्य संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। पहले प्रवेश परीक्षा का पहला प्रयास दिसंबर में आयोजित किए जाने की संभावना थी। हालांकि, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने चिंता जताई थी कि बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक प्रवेश परीक्षा होने से छात्रों पर पढ़ाई और तैयारी का अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है।
इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने दोनों प्रयासों को 12वीं की बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद आयोजित करने का निर्णय लिया है।
हालांकि, महाराष्ट्र सीईटी सेल ने अभी तक परीक्षा की अंतिम समय-सारिणी घोषित नहीं की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों परीक्षाएं मार्च से मई के बीच आयोजित की जा सकती हैं। दोनों प्रयासों के बीच कम से कम चार सप्ताह का अंतर रखा जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को दूसरे प्रयास की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इस व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि विद्यार्थियों के दोनों प्रयासों में से सर्वश्रेष्ठ स्कोर को प्रवेश प्रक्रिया में मान्यता दी जाएगी।
इस बदलाव से इंजीनियरिंग और फार्मेसी में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को अपनी परीक्षा रणनीति बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे पहले बोर्ड परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और उसके बाद प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर पाएंगे।


