ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न विश्वविद्यालय और भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), तिरुपति ने संयुक्त रूप से बैचलर ऑफ साइंस इंटीग्रेटेड (ऑनर्स) 2+2 डुअल डिग्री प्रोग्राम शुरू किया है। इस नए पाठ्यक्रम का शुभारंभ नई दिल्ली स्थित मेलबर्न ग्लोबल सेंटर में किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत भारतीय विद्यार्थी अपनी चार वर्षीय स्नातक शिक्षा के पहले दो वर्ष IISER तिरुपति में और अंतिम दो वर्ष ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न विश्वविद्यालय में पूरे करेंगे। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्रों को दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों से अलग-अलग बैचलर ऑनर्स डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
इस डुअल डिग्री प्रोग्राम में जैव प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी), रसायन विज्ञान, पारिस्थितिकी विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, खाद्य विज्ञान, आनुवंशिकी, भौतिकी और पादप विज्ञान जैसे प्रमुख विषय शामिल किए गए हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की वैज्ञानिक शिक्षा, आधुनिक अनुसंधान सुविधाओं और वैश्विक शैक्षणिक अनुभव से जोड़ना है।
इस पाठ्यक्रम के स्नातकों को आगे मास्टर डिग्री हासिल करने का अवसर भी मिलेगा। पूर्व अध्ययन के आधार पर मिलने वाली शैक्षणिक मान्यता (एडवांस्ड स्टैंडिंग) से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम पूरा करने की अवधि कम हो सकती है।
विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थी स्वतः साइंस ग्लोबल स्कॉलर्स प्रोग्राम का हिस्सा बन जाएंगे। इसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग और प्रतिभाओं की वैश्विक गतिशीलता को बढ़ावा दिया जाएगा।
यह पहल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच उच्च शिक्षा एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय विद्यार्थियों के लिए वैश्विक शिक्षा और शोध के नए अवसर उपलब्ध होंगे।


