केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 में किसानों को सस्ती दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए बड़ा फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फॉस्फेट और पोटाश यानी पीएंडके उर्वरकों के लिए पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) दरों को मंजूरी दी है। ये दरें 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी।
सरकार ने रबी 2026-27 के लिए लगभग ₹62,370.02 करोड़ की बजटीय आवश्यकता का अनुमान लगाया है। यह पिछले रबी सीजन 2025-26 के ₹37,952.29 करोड़ के मुकाबले करीब ₹24,417.73 करोड़ अधिक है। बढ़ी हुई सब्सिडी का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों और कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का बोझ किसानों पर पड़ने से रोकना है।
फैसले के तहत डीएपी और एनपीकेएस सहित पीएंडके उर्वरकों पर निर्धारित दरों के अनुसार सब्सिडी दी जाएगी। इससे किसानों को रबी फसलों की बुवाई के दौरान आवश्यक खाद उचित और रियायती कीमतों पर उपलब्ध हो सकेगी। सरकार वर्तमान में डीएपी सहित पीएंडके उर्वरकों के 28 ग्रेड किसानों को सब्सिडी वाली कीमतों पर उपलब्ध करा रही है। एनबीएस योजना अप्रैल 2010 से लागू है।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से उर्वरकों की समय पर और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा बढ़ती वैश्विक कीमतों के बावजूद किसानों की खेती की लागत को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।


