केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की तीन प्रमुख डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें एआई आधारित विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) और ‘समीक्षा’ एआई बॉट, KVS-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल तथा KVS एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य केंद्रीय विद्यालयों में प्रशासन को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और प्रभावी बनाना है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने इन सेवाओं को सभी केंद्रीय विद्यालयों, कक्षाओं और क्षेत्रों तक विस्तार देने पर जोर दिया। साथ ही सुझाव दिया कि इन्हें स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सहयोग से व्यापक स्कूल शिक्षा व्यवस्था तक भी पहुंचाया जाए।
एआई आधारित विद्या समीक्षा केंद्र छात्रों और कर्मचारियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, स्कूल अवसंरचना और प्रवेश से जुड़ा रियल टाइम डेटा उपलब्ध कराएगा। ‘समीक्षा’ एआई बॉट डेटा का विश्लेषण कर कमियों की पहचान और सुधार के सुझाव देगा।
KVS-संवाद ऐप से अभिभावक उपस्थिति, पाठ्यक्रम प्रगति, परिणाम, शिक्षण सामग्री और डिजिटल छात्र पहचान पत्र देख सकेंगे। वे बोनाफाइड, CEA प्रमाणपत्र और अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
वहीं, KVS एलुमनाई पोर्टल पूर्व छात्रों को स्कूल और बैचमेट्स से जोड़ने के साथ मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन और संस्थागत विकास में योगदान का अवसर देगा। सभी प्लेटफॉर्म KVS की आईटी सर्विसेज सेल ने इन-हाउस विकसित किए हैं।


