सितंबर का अंतिम सप्ताह देश के सहकारी क्षेत्र के लिए बेहद व्यस्त रहने वाला है। 30 सितंबर की समयसीमा से पहले KRIBHCO, FISHCOPFED, NAFED, NACOF, NCCF और NLCF जैसी प्रमुख राष्ट्रीय सहकारी संस्थाएं अपनी वार्षिक आम बैठकें आयोजित करेंगी। इन बैठकों में सालाना प्रदर्शन, कारोबारी गतिविधियों और आगे की रणनीति पर मंथन होगा।
AGM का प्रमुख दौर 25 सितंबर से शुरू होगा। KRIBHCO की बैठक चाणक्यपुरी स्थित द अशोक होटल में होगी, जिसमें देशभर से प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसी दिन FISHCOPFED अपने सरिता विहार मुख्यालय में AGM आयोजित करेगा।
26 सितंबर को NAFED की AGM भारत मंडपम में होगी, जबकि NACOF उसी दिन NCUI बोर्ड रूम में अपनी वार्षिक बैठक करेगा। 27 सितंबर को NCCF की AGM NCUI में निर्धारित है। NLCF की बैठक 30 सितंबर को होगी।
IFFCO और NAFCUB इस महीने अपनी AGMs पहले ही कर चुके हैं। सरस्वत को-ऑपरेटिव बैंक समेत कई अन्य सहकारी संस्थाओं की वार्षिक बैठकें भी शेष हैं। ऐसे में सितंबर का अंतिम सप्ताह सहकारी क्षेत्र में सालाना लेखाजोखा और नई प्राथमिकताएं तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा।


