बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के बीच BPSC TRE 4.0 को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए करीब 9.95 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यह अब तक के शिक्षक भर्ती चरणों में सबसे अधिक आवेदन का आंकड़ा बताया जा रहा है। इस भर्ती के जरिए राज्य के सरकारी स्कूलों में कुल 33,320 शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है। आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुकी है।
इस बार बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों ने भी बड़ी संख्या में आवेदन किया है। खासतौर पर प्राथमिक शिक्षक यानी कक्षा 1 से 5 तक के पदों के लिए उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों की भागीदारी अधिक बताई जा रही है। ऐसे में प्राथमिक शिक्षक पदों पर प्रतियोगिता काफी कड़ी रहने की संभावना है।
दो साल बाद निकली भर्ती, बढ़े आवेदन
BPSC TRE 4.0 में रिकॉर्ड आवेदन आने की एक प्रमुख वजह पिछली भर्ती के बाद करीब दो साल का अंतराल माना जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद भर्ती निकलने से बिहार के साथ दूसरे राज्यों के युवाओं को भी आवेदन का अवसर मिला है। इसके अलावा अपीयरिंग अभ्यर्थियों को मौका मिलने और STET आयोजित होने से पात्र उम्मीदवारों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
33,320 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती में प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। कक्षा 1 से 5 तक के लिए 3,847 पद, कक्षा 6 से 8 तक के लिए 8,563 पद, कक्षा 9 से 10 तक के लिए 4,370 पद और कक्षा 11 से 12 तक के लिए 16,540 पद निर्धारित बताए गए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार कुल रिक्तियां 33,320 हैं।
परीक्षा में निगेटिव मार्किंग और पांचवां विकल्प
TRE 4.0 में चयन एक लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इस बार गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक की कटौती होगी। ओएमआर शीट में चार के बजाय पांच विकल्प दिए जाएंगे। यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है तो उसे पांचवां विकल्प भरना होगा। ऐसा नहीं करने पर भी एक-तिहाई अंक काटे जा सकते हैं।
जनवरी–फरवरी 2027 में परीक्षा संभव
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उम्मीदवारों को परीक्षा की तारीख का इंतजार है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार BPSC TRE 4.0 परीक्षा जनवरी से फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जा सकती है। हालांकि परीक्षा की अंतिम तारीख आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे परीक्षा की तैयारी के साथ आयोग की वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट भी नियमित रूप से देखते रहें।


