नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा शुल्क का सफल भुगतान भी इसी तारीख तक करना होगा। निर्धारित समय के बाद आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 500 रुपये विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा।
आवेदन पत्र में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 10 नवंबर से 12 नवंबर 2026 तक खुली रहेगी। NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करते समय व्यक्तिगत जानकारी भरने और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने में विशेष सावधानी बरतें। एजेंसी ने उम्मीदवारों से आवेदन प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने की अपील की है।
CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 परीक्षा का आयोजन 9, 22 और 27 दिसंबर को किया जाएगा। तीन घंटे की यह परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
परीक्षा के तहत केमिकल साइंसेज, अर्थ, एटमॉस्फेरिक, ओशन एंड प्लैनेटरी साइंसेज, लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी, मैथमैटिकल साइंसेज और फिजिकल साइंसेज विषयों को शामिल किया गया है।
CSIR-UGC NET परीक्षा भारतीय नागरिकों के लिए जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए पात्रता निर्धारित करने के साथ-साथ भारतीय विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में डॉक्टोरल प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इसके अलावा परीक्षा के माध्यम से केवल PhD में प्रवेश के लिए भी पात्रता निर्धारित की जाती है।
उम्मीदवार पात्रता मानदंड, प्रश्नपत्र पैटर्न, विषय कोड, परीक्षा शुल्क और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी इंफॉर्मेशन बुलेटिन देख सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर नियमित रूप से विजिट करते रहें।
CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 से संबंधित किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवार NTA को csirnet@nta.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।


