उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में सीनियर इंस्ट्रक्टर के 132 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को प्रारंभिक परीक्षा नहीं देनी होगी। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET 2025 के स्कोर के आधार पर की जाएगी और शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी।
सीनियर इंस्ट्रक्टर के पदों पर भर्ती एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, पौध संरक्षण, उद्यान विज्ञान, पशुपालन, शस्य विज्ञान, महिला कल्याण, सहकारिता, पंचायत, मृदा विज्ञान, कृषि, कृषि प्रसार, सार्वजनिक स्वास्थ्य और उत्पादन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है। अधिकांश पदों के लिए संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री मांगी गई है। कृषि पद के लिए 55 प्रतिशत अंकों के साथ कृषि में पोस्ट ग्रेजुएशन की योग्यता निर्धारित की गई है, जबकि उत्पादन से जुड़े पद के लिए संबंधित इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा के साथ अनुभव की शर्त भी है।
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र कम से कम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी। उम्मीदवारों को शैक्षणिक योग्यता के साथ PET 2025 का वैध स्कोरकार्ड भी होना जरूरी है।
UPSSSC की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस भर्ती का विज्ञापन संख्या 21-परीक्षा/2026 है। आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 5 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क भुगतान और आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर 2026 है। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-06 के वेतनमान के तहत 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक का वेतन मिलेगा।
मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग PET 2025 में प्राप्त स्कोर और निर्धारित कटऑफ के आधार पर होगी। इसके बाद 100 अंकों की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में ग्राम्य विकास से संबंधित विषयगत ज्ञान, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं डाटा इंटरप्रिटेशन, कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी अवधारणाओं, तकनीकी विकास एवं नवाचार तथा उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है।
उम्मीदवार आवेदन करने से पहले UPSSSC की ओर से जारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को जरूर जांच लें। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।


