सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने राज्य के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर के 1936 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवार ने UGC NET, CSIR NET, SLET या SET उत्तीर्ण किया हो। हालांकि, पीएचडी डिग्री धारकों को NET, SLET और SET से छूट प्रदान की गई है।
आयोग ने न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 62 वर्ष निर्धारित की है। अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।
भर्ती की महत्वपूर्ण तिथियों के अनुसार आवेदन और वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 है, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन 11 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा। भर्ती परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 2000 रुपये, एससी और एसटी वर्ग के लिए 1500 रुपये तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
यह भर्ती हिंदी, अंग्रेजी, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वाणिज्य, इतिहास, राजनीति शास्त्र, भूगोल, संस्कृत, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, गृह विज्ञान, कृषि विज्ञान सहित कई विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए आयोजित की जा रही है।


