भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास ने अपने स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम के अक्टूबर 2026 बैच के लिए कक्षा 9 से 12 तक के छात्रो से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस बार पहली बार कक्षा 9 के विद्यार्थियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर दिया गया है, ताकि वे शुरुआती स्तर पर अपनी रुचियों, क्षमताओं और संभावित करियर विकल्पों को समझ सकें।
संस्थान के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 है, जबकि ऑनलाइन पाठ्यक्रम की शुरुआत 5 अक्टूबर 2026 से होगी। IIT मद्रास ने बताया कि अब तक इस पहल से 4,900 से अधिक स्कूल और 1.75 लाख से ज्यादा छात्र जुड़ चुके हैं।
स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम, IIT मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन (CODE) की प्रमुख पहल है। इसका उद्देश्य स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा के बीच की दूरी को कम करना तथा छात्रों को उभरते हुए क्षेत्रों से परिचित कराना है, जिससे वे अपने भविष्य की पढ़ाई और करियर को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें।
यह 8 सप्ताह का ऑनलाइन प्रोग्राम होगा, जिसमें IIT मद्रास और अन्य अग्रणी संस्थानों के फैकल्टी विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। कार्यक्रम में रिकॉर्डेड लेक्चर, लाइव इंटरैक्टिव सत्र, असाइनमेंट और मूल्यांकन शामिल होंगे।
इस कोर्स के तहत छात्र डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एयरोस्पेस, साइबर सिक्योरिटी, इकोनॉमिक्स एवं फाइनेंस, लॉ, डिजाइन, ह्यूमैनिटीज, गेम टेक्नोलॉजी समेत 17 भविष्य-केंद्रित विषयों का अध्ययन कर सकेंगे।
संस्थान ने कहा है कि पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को IIT मद्रास CODE का आधिकारिक ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।


