उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग इस भर्ती के माध्यम से कुल 12 रिक्त पदों पर नियुक्तियां करेगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है और इच्छुक अभ्यर्थी 28 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 11 पद और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर का 1 पद भरा जाएगा। भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास UPSSSC PET 2025 का वैध स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है। इसके साथ ही किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री, कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या NIELIT का ओ लेवल प्रमाणपत्र तथा कंप्यूटर एप्लीकेशन में कार्य अनुभव होना जरूरी है।
आयोग ने उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले PET 2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। आयोग रिक्तियों के मुकाबले 15 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में बुलाएगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
वेतनमान की बात करें तो कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के पद पर चयनित उम्मीदवारों को लेवल-4 के तहत 25,500 रुपये से 81,100 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। वहीं सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-2 के अनुसार 19,900 रुपये से 63,200 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 5 अक्टूबर 2026 तक अपने फॉर्म में संशोधन करने का अवसर भी दिया जाएगा।


