उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UPSSSC PET) 2026 के लिए आवेदन करने से वंचित रह गए उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने PET 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपना आवेदन नहीं किया है, वे अब 7 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
UPSSSC PET परीक्षा उत्तर प्रदेश में होने वाली विभिन्न समूह ‘ग’ की भर्तियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। PET में शामिल होने वाले उम्मीदवार आगे चलकर लेखपाल, वीडीओ, फॉरेस्ट गार्ड समेत विभिन्न पदों पर निकलने वाली भर्तियों में आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की बढ़ी हुई समय सीमा काफी महत्वपूर्ण है।
PET 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। आवेदन की अंतिम तिथि तक 10वीं या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। वहीं आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। इस तारीख को उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष से कम होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवारों को सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR पूरा करना होगा। इसके बाद PET परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा और अंत में आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालकर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना होगा।
UPSSSC PET 2026 के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 185 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 95 रुपये निर्धारित किया गया है। पीएच वर्ग के उम्मीदवारों को 25 रुपये शुल्क देना होगा। आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिफिकेशन और ब्रोशर को ध्यान से पढ़ लें और पात्रता समेत सभी जरूरी शर्तों की जांच कर लें। आवेदन की बढ़ी हुई अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 है, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थी समय सीमा समाप्त होने से पहले अपना फॉर्म जरूर जमा कर दें।


