इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण 2 सितंबर से शुरू होगा और अभ्यर्थी 25 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस प्रवेश प्रक्रिया में यूजीसी/सीएसआईआर-नेट दिसंबर 2025 और जून 2026 की परीक्षाओं के स्कोर मान्य होंगे। इसके अलावा, पात्रता के अनुसार बायोटेक्नोलॉजी एलिजिबिलिटी टेस्ट (BET-DBT), डीएचआर-बीआरईटी, एनबीएचएम डॉक्टोरल स्कॉलरशिप परीक्षा, विश्वेश्वरैया पीएचडी योजना, गेट, जेईएसटी और आईसीएआर परीक्षाओं के मान्य स्कोर भी स्वीकार किए जाएंगे।
पीएचडी प्रवेश में आरक्षण भारत सरकार और यूजीसी के नियमों के अनुसार लागू होगा। अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) के लिए 27 प्रतिशत, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान रहेगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी एक से अधिक विषयों में आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें प्रत्येक विषय के लिए अलग आवेदन पत्र भरना होगा और अलग-अलग पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पीएचडी एडमिशन ब्रोशर 2026-27 को ध्यानपूर्वक पढ़ें और प्रवेश कार्यक्रम, रिसर्च एप्टीट्यूड टेस्ट, मेरिट सूची तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
विश्वविद्यालय ने कहा है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी (पीएचडी डिग्री प्रदान करने के न्यूनतम मानक एवं प्रक्रिया) विनियम 2022 तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पीएचडी अध्यादेश के प्रावधानों के अनुसार संचालित की जाएगी।


