नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने जयपुर के iON Digital Zone (iDZ) सीतापुरा परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति विफल होने से बाधित हुई NEET PG 2026 परीक्षा की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
समिति की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ करेंगी। इसमें राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी तथा केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के एक वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारी को शामिल किया गया है।
2,445 अभ्यर्थियों की होगी दोबारा परीक्षा
NBEMS के अनुसार, NEET PG 2026 परीक्षा देशभर के 2,73,096 अभ्यर्थियों के लिए 339 शहरों के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। हालांकि, जयपुर के सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति में खराबी के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी, जिससे 2,445 अभ्यर्थी प्रभावित हुए।
NBEMS ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे जयपुर में पुनः परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है।
तय समय में देगी रिपोर्ट
सूत्रों के मुताबिक, समिति बिजली आपूर्ति बाधित होने की परिस्थितियों और उसके कारणों की विस्तृत जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। NBEMS ने इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि पुनर्परीक्षा का उद्देश्य सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और समान अवसर उपलब्ध कराना है।


