नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड ITIs यानी PM-SETU योजना के तहत हरियाणा के कुरुक्षेत्र ITI क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजना को मंजूरी दी है। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की राष्ट्रीय संचालन समिति ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी। जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड क्लस्टर के लिए एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में हरियाणा सरकार के साथ काम करेगी। इस मंजूरी के बाद PM-SETU के तहत अब तक 10 ITI क्लस्टरों में कुल 2,491 करोड़ रुपये के निवेश को स्वीकृति मिल चुकी है।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयंत चौधरी ने कहा कि उद्योगों को ITI के करीब लाने से युवाओं के लिए रोजगार के मजबूत रास्ते तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगों के साथ साझेदारी से प्रशिक्षण को अधिक प्रासंगिक और रोजगारोन्मुख बनाया जा सकेगा।
कुरुक्षेत्र क्लस्टर को हब एंड स्पोक मॉडल पर विकसित किया जाएगा। सरकारी ITI कुरुक्षेत्र हब संस्थान होगा जबकि सरकारी महिला ITI कुरुक्षेत्र, सरकारी ITI कैथल, महिला ITI कैथल, सरकारी ITI पेहोवा, सरकारी ITI पबनावा और महिला ITI अंबाला सिटी स्पोक संस्थानों के रूप में विकसित होंगे निवेश का उपयोग बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक प्रयोगशालाएं और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करने, उद्योग आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने तथा प्रशिक्षुओं के रोजगार अवसर बढ़ाने में किया जाएगा।PM-SETU के तहत उद्योग भागीदार पाठ्यक्रम निर्माण, प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप, प्लेसमेंट और फैकल्टी प्रशिक्षण में भी अहम भूमिका निभाएंगे।इस योजना का कुल परिव्यय 60,000 करोड़ रुपये है और इसके तहत देशभर में 1,000 सरकारी ITI को अपग्रेड करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 200 हब और 800 स्पोक ITI शामिल होंगे।


