देश में कौशल विकास को परिणाम आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) ने स्किल्स आउटकम फंड (Skills Outcomes Fund) के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान किया है। यह पहल प्रशिक्षण को सीधे रोजगार, स्वरोजगार और टिकाऊ आजीविका से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
प्रस्तावित 530 करोड़ रुपये के कोष के माध्यम से सरकार, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और परोपकारी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य देशभर के 2 लाख से अधिक युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के माध्यम से संचालित यह फंड केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कौशल विकास क्षेत्र में नवाचार को भी बढ़ावा देगा। इसके तहत स्किल वाउचर, स्किल्स फाइनेंसिंग मॉडल, उद्यमिता आधारित रोजगार मॉडल और अन्य अभिनव व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। इससे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पारदर्शिता, जवाबदेही, उद्योगों की भागीदारी और परिणामों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी।
सरकार का मानना है कि परिणाम-आधारित कौशल विकास मॉडल युवाओं को केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि स्थायी रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगा। यह पहल विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करने, उद्योगों की मांग पूरी करने और आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। Skills Outcomes Fund को भारत के कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र में एक परिवर्तनकारी कदम माना जा रहा है, जो युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए द्वार खोलेगा।


