SSC CHSL रिजल्ट 2026: 3,515 उम्मीदवारों का FRTA रिजल्ट जारी

SSC CHSL 2025 भर्ती अभियान के तहत 3,131 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं

Published: 16:30pm, 18 Aug 2026

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने SSC CHSL 2025 भर्ती के लिए फर्स्ट राउंड ऑफ टेंटेटिव एलोकेशन (FRTA) रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी नोटिस के अनुसार कुल 3,515 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए प्रोविजनली रिकमेंड किया गया है। साथ ही उपलब्ध रिक्तियों को भरने के लिए स्लाइडिंग प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी किया गया है।

कुल 13,395 उम्मीदवारों ने 19 से 25 जून 2026 के बीच अपने ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस जमा किए थे। FRTA तैयार करते समय उम्मीदवारों के Tier-II परीक्षा के Section-I और Section-II में प्रदर्शन के साथ निर्धारित पात्रता शर्तों को ध्यान में रखा गया है।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए रिकमेंड उम्मीदवारों को निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करने होंगे। जहां लागू होगा, उन्हें कंप्यूटर नॉलेज टेस्ट और स्किल या टाइपिंग टेस्ट भी क्वालिफाई करना होगा।

SSC ने उपलब्ध रिक्तियों का बेहतर उपयोग करने के लिए स्लाइडिंग प्रक्रिया शुरू की है। पात्र उम्मीदवारों को इस प्रक्रिया के तहत री-अलोकेशन का एक अवसर मिलेगा। FRTA सूची में शामिल उम्मीदवारों को 20 से 22 अगस्त 2026 के बीच SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर स्लाइडिंग प्रक्रिया के लिए अपना वेन्यू, तारीख और स्लॉट चुनना होगा।

स्लाइडिंग की फिजिकल प्रक्रिया 1 से 3 सितंबर 2026 तक निर्धारित रीजनल ऑफिस शहरों में आयोजित की जाएगी। जो उम्मीदवार इस प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे, उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा और उनके नाम पर अंतिम परिणाम के लिए विचार नहीं किया जाएगा।

SSC CHSL 2025 भर्ती अभियान के तहत 3,131 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें लोअर डिविजनल क्लर्क (LDC), जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA) और डेटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) जैसे पद शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में Tier-I, Tier-II, स्किल टेस्ट या टाइपिंग टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और जहां लागू हो मेडिकल एग्जामिनेशन शामिल है।

आयोग ने बताया है कि चयनित और गैर-चयनित उम्मीदवारों की फाइनल आंसर की और विस्तृत मार्क्स बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। वहीं, आठ उम्मीदवारों का रिजल्ट फिलहाल रोक दिया गया है, एक उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की गई है और 12 उम्मीदवारों को परीक्षा से डिबार किया गया है।

YuvaSahakar Desk