मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने असिस्टेंट ग्रेड-III के 1174 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में सुधार के लिए 19 से 21 सितंबर 2026 तक संशोधन विंडो खुली रहेगी।
ग्रेजुएशन के साथ CPCT और कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी
असिस्टेंट ग्रेड-III पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके अलावा अभ्यर्थी के पास MP CPCT परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ कंप्यूटर एप्लीकेशन में एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए।
उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क
आवेदन प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से होगी। सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को 943.40 रुपये, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और पीएच वर्ग के उम्मीदवारों को 743.40 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
ऑनलाइन परीक्षा से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले ऑनलाइन प्रिलिमिनरी परीक्षा आयोजित होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को हिंदी टाइपिंग स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सहित निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
1174 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1174 असिस्टेंट ग्रेड-III पद भरे जाएंगे। इनमें 314 पद सामान्य वर्ग, 325 ओबीसी, 118 ईडब्ल्यूएस, 181 एससी और 236 एसटी वर्ग के लिए निर्धारित हैं।
योग्य उम्मीदवार निर्धारित तारीख के भीतर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट portal.mphc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


