देश की प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को अब सहकारिता क्षेत्र से जुड़े उत्पादों का स्वाद भी मिलेगा। नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया यानी नेफेड के माध्यम से चुनिंदा ट्रेनों में गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर खानपान उपलब्ध कराने के साथ सहकारी संस्थाओं और किसानों के उत्पादों के लिए नया बाजार तैयार करना है।
योजना के तहत भोजन तैयार करने में दाल, चावल, मसाले, खाद्य तेल और अन्य सामग्री नेफेड तथा सहकारी नेटवर्क से उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादों की मांग बढ़ेगी और उत्पादकों को रेलवे जैसे बड़े उपभोक्ता बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
प्रीमियम ट्रेनों में खानपान की गुणवत्ता को लेकर यात्रियों की अपेक्षाएं अधिक रहती हैं। ऐसे में सहकारी क्षेत्र से मिलने वाली प्रमाणित और बेहतर सामग्री के उपयोग से भोजन की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है। भविष्य में इस मॉडल का विस्तार अन्य ट्रेनों और रेलवे खानपान सेवाओं तक भी किया जा सकता है।यह पहल सहकारिता को दैनिक उपभोग से जोड़ने के साथ किसानों और उपभोक्ताओं के बीच मजबूत बाजार श्रृंखला विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


