बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। 27 फरवरी 2026 को आयोजित इस परीक्षा में कुल 609 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग की ओर से जारी परिणाम में संतोष कुमार ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं सरिता कुमारी दूसरे और राहुलराज कुमार तीसरे स्थान पर रहे हैं।
जारी मेरिट सूची के अनुसार संतोष कुमार ने रोल नंबर 841942 के साथ परीक्षा में टॉप किया है। वहीं सरिता कुमारी (रोल नंबर 873314) ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। शीर्ष 10 रैंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों में सरिता कुमारी एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं। राहुलराज कुमार (रोल नंबर 873577) तीसरे स्थान पर रहे।
BPSC ASO श्रेणीवार कटऑफ अंक जारी
BPSC ने परिणाम के साथ विभिन्न श्रेणियों के लिए कटऑफ अंक भी जारी किए हैं। अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 115 अंक निर्धारित किया गया है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए यह 108 अंक है। अनुसूचित जाति (SC) के लिए कटऑफ 102 अंक और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 104 अंक रहा है। अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) और पिछड़ा वर्ग (BC) दोनों के लिए कटऑफ 113 अंक निर्धारित किया गया है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 105 अंक, EWS का 103 अंक, SC का 91 अंक और BC का 103 अंक है। वहीं, BCL श्रेणी के लिए कटऑफ 103 अंक निर्धारित किया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों की DD श्रेणी का कटऑफ 87 अंक और MD श्रेणी का कटऑफ 85 अंक रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों के पोते-पोतियों की श्रेणी के लिए कटऑफ 100 अंक निर्धारित किया गया है।
41 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
आयोग की ओर से जारी चयन सूची के अनुसार, अनारक्षित वर्ग से कुल 16 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 10 पुरुष और छह महिला उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं, EWS श्रेणी से चार, SC से नौ, ST से एक, EBC से एक, BC से नौ और BCL श्रेणी से एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। उपलब्ध श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार, कुल 41 उम्मीदवार चयनित हुए हैं।
EWS अभ्यर्थी की नियुक्ति कोर्ट के फैसले पर निर्भर
BPSC ने चयन सूची में शामिल EWS श्रेणी के अभ्यर्थी रिशु कुमार (रोल नंबर 817089) को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। आयोग के अनुसार, रिशु कुमार का नाम आपराधिक मामला संख्या 995/2019 में आरोपी के रूप में दर्ज है। यह मामला मुजफ्फरपुर के अपर सत्र न्यायाधीश-III की अदालत में सत्र विचारण संख्या 153/2025 के तहत लंबित है।


