प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जेन-जी युवाओं से संवाद करते हुए भविष्य की अर्थव्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्किल डेवलपमेंट पर खास जोर दिया। करीब 6 हजार युवाओं की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाला समय सिर्फ डिग्री का नहीं, बल्कि स्किल और नई तकनीक को समझने का है। युवाओं को बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को लगातार अपडेट करना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सुपरपावर बनना है तो केवल तकनीक विकसित करना पर्याप्त नहीं होगा। इसके लिए मजबूत और व्यापक इकोसिस्टम तैयार करना जरूरी है। इसमें जरूरी संसाधनों की उपलब्धता, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रिसर्च, इनोवेशन और सबसे बढ़कर स्किल्ड युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मोदी ने कहा कि सरकार युवाओं की स्किल ट्रेनिंग और अपग्रेडेशन पर काम कर रही है ताकि वे भविष्य की नौकरियों और नई अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सकें। उन्होंने युवाओं को नई तकनीकों को अपनाने, सीखने की आदत विकसित करने और बदलते समय के साथ अपनी क्षमताओं को मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से भ्रामक सूचनाओं और झूठे दावों से भी सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को गुमराह करने वाली बातों के बीच युवाओं को सच्चाई और तथ्यों के साथ खड़ा रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विशेष Y आकार के रैंप से होकर युवाओं के बीच पहुंचे। उनके स्वागत में लोकप्रिय गीत भी बजाए गए। एक छात्र ने प्रधानमंत्री को उनकी तस्वीर भेंट की। पूरे संवाद में मोदी का फोकस युवाओं को भविष्य की तकनीक, कौशल और जिम्मेदार नागरिकता से जोड़ने पर रहा।


