युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद: नो योर वोट’अभियान के तहत अब तक 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 311 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 59,408 युवाओं और 310 यूथ आइकन्स को जोड़ा गया है।
मंत्रालय के अनुसार, 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 91 युवा संवाद आयोजित किए गए, जिनमें 15,453 युवाओं और 90 यूथ आइकन्स व जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदान अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किए गए।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और जशपुर में आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं की लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर जोर दिया गया। दंतेवाड़ा में विधायक चैतराम अटामी ने कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि यूथ आइकन नंदनी दीक्षित ने मतदान अधिकार और जिम्मेदार नागरिकता पर प्रस्तुति दी। जशपुर में विधायक रायमुनी भगत ने युवाओं से स्वतंत्र सोच विकसित करने और फेक न्यूज व भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने का आह्वान किया।
कई राज्यों में प्रतिभागियों ने ‘लोकतांत्रिक शपथ’ भी ली और जिम्मेदार मतदाता बनने का संकल्प व्यक्त किया।


