Trending News

भारत ने चीन को 1-0 से हराकर जूनियर विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया BRICS 2026 के पहले दिन 'नई दिल्ली घोषणापत्र' को अपनाया गया यूपी सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 25 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले भारत ने चीन को 1-0 से हराकर जूनियर विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया BRICS 2026 के पहले दिन 'नई दिल्ली घोषणापत्र' को अपनाया गया यूपी सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 25 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले

भारत की एथेनॉल रणनीति को मिला सहकारी क्षेत्र का साथ, एनएफसीएसएफ ने किया E20 ईंधन का समर्थन

सहकारी चीनी कारखानों के संगठन ने कहा – E20 ईंधन सुरक्षित, आर्थिक रूप से लाभदायक और पर्यावरण के लिए अनुकूल है

Published: 10:13am, 10 Aug 2025

भारत में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच, नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (NFCSF) ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) के हालिया बयान का पूरा समर्थन किया है। मंत्रालय ने साफ किया है कि 20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) पूरी तरह सुरक्षित है और वाहनों के लिए किसी भी तरह का खतरा नहीं है।

कुछ लोगों द्वारा पुराने वाहनों पर E20 के असर को लेकर जताई गई चिंताओं को मंत्रालय ने खारिज करते हुए कहा कि यह वैज्ञानिक तथ्यों के विपरीत है। देश और विदेश में हुए कई परीक्षणों में यह साबित हो चुका है कि E20 ईंधन इंजन की उम्र, प्रदर्शन या माइलेज पर कोई नकारात्मक असर नहीं डालता। ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) और इंडियन ऑयल के रिसर्च एंड डेवलपमेंट डिवीजन की रिपोर्ट भी यही कहती है।

एनएफसीएसएफ ने कहा कि यह स्पष्टीकरण समय पर आया है, क्योंकि एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम (EBP) भारत की अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और ग्रामीण आजीविका के लिए बेहद अहम है। पिछले 10 वर्षों में इस कार्यक्रम ने कई क्षेत्रों में बड़ा बदलाव लाया है।

पर्यावरण को फायदा
E20 के इस्तेमाल से अब तक 700 लाख टन से ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई है। यह भारत के पेरिस समझौते के तहत जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

विदेशी तेल पर निर्भरता कम
एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल ने कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाई है, जिससे 2014-15 से अब तक देश के 1.2 लाख करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा भंडार में बचे हैं।

किसानों को सीधा लाभ
गन्ना किसानों को एथेनॉल उत्पादन से अब तक 1.04 लाख करोड़ रुपये का समय पर भुगतान हुआ है। इससे उनकी आमदनी और वित्तीय स्थिरता दोनों बढ़ी हैं। पहले जहां किसानों को भुगतान में देरी और चीनी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता था, वहीं अब एथेनॉल ने उद्योग के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच का काम किया है।

एनएफसीएसएफ ने भरोसा दिलाया है कि सहकारी चीनी उद्योग E20 और आगे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाता रहेगा। इसका लक्ष्य है भारत को स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना।

एथेनॉल पर यह सहकारी समर्थन संदेश देता है कि यह केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक, आर्थिक और पर्यावरणीय रूप से समझदारी भरा कदम है। सहकारी क्षेत्र के साथ आने से भारत की हरित ऊर्जा यात्रा और भी मजबूत हो गई है।

YuvaSahakar Desk