आक्रामक मिडफील्डर लुइज रोमो के दूसरे हाफ के शुरू में दागे इकलौते गोल से सह मेजबान मैक्सिको ने दक्षिण कोरिया पर 1-0 से रोमांचक और लगातार दूसरी जीत के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर रह फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में सबसे पहले अंतिम 32 में स्थान बना लिया। कोच जेवियर अगुइरी के मार्गदर्शन वाली मैक्सिको की टीम अंतिम 32 में अब ग्रुप सी, ई, एफ, एच अथवा आई में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी।
मैक्सिको और दक्षिण कोरिया के बीच शुक्रवार को रोमांचक फुटबॉल की बानगी देखने को मिली। एक दूसरे के गोल पर बराबर हमले बोलने के बावजूद कोई भी टीम हाफ टाइम तक गोल नहीं कर पाई। मैक्सिको के जीसस गालार्डो दूसरे हाफ के चौथे मिनट में गेंद को लेकर दक्षिण कोरिया के बॉक्स में पहुंचे लेकिन उनके नीचे शॉट पर गेंद गोलस्तंभ के करीब से बाहर निकल गई। अगले ही मिनट लुइस रोमो ने दक्षिण कोरिया के गोलरक्षक किम सियुंगयू और मिडफील्डर ली जिहयुक की बॉक्स के भीतर गफलत का लाभ उठा गेंद को गोल में डाल कर मैक्सिको को बढ़त दिलाई तो पूरा स्टेडियम मेजबान टीम के समर्थकों की करतल ध्वनि से गूंज उठा। दक्षिण कोरिया के गोलरक्षक किम सियुंगयू ने मैच के 75वें मिनट में राउल जिमनेज के गोल के करीब से लगाए शॉट को रोक कर मैक्सिको को अपनी बढ़त बढ़ाने से रोका। मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले मैक्सिको के गोलरक्षक राउल रंगेल ने चो गुईसुंग और यांग हयुनजन के बॉक्स से जमाए शॉट को रोक कर दक्षिण कोरिया को मैच में बराबरी पा अंक बांटने से रोका।
मैक्सिको के कोच जेवियर अगुइरी ने दक्षिण कोरिया पर अपनी टीम की जीत पर कहा, ‘यह खासी मुश्किल जीत थी। दक्षिण कोरिया ने हमारी टीम पर बहुत दबाव बनाया। इस मैच में यही लगा कि महज एक गलती से मैच का नतीजा किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता है।’ दक्षिण कोरिया के कोच होंग म्युंगबो ने कहा, ‘हम अपनी योजना के मुताबिक ही खेले। अब हम ग्रुप चरण के आखिरी मैच में सब कुछ झोंक देंगे। मैंने अपने खिलाड़ियों से धैर्य बनाए रख कर अपना खेल खेलने को कहा। अब हम अपना ध्यान अगले मैच पर लगाएंगे।‘
द.अफ्रीका ने चेकिया को बराबरी पर रोका
तिबोहो मोकोइना के खेल खत्म होने से सात मिनट पहले पेनल्टी किक पर दागे गोल की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने चेकिया को एक एक की बराबरी पर रोक कर अंक बांटे। माइकल सदिलेक ने पांचवें मिनट में मौजूदा विश्व कप का सबसे तेज गोल कर चेकिया को 1-0 से आगे कर दिया। चेकिया के कोच मिरोस्लाव कुबैक ने इस मैच में अपनी टीम से तेज आगाज की आस लगाई और टीम उनकी उम्मीदों पर खरी उतरी। एडम हलोजक के क्रॉस पर अलेक्जेंडर सोका ने नफासत से गेंद सदिलेक के लिए बढ़ाई और उन्होंने दनदनाता शॉट जमा दक्षिण अफ्रीका के गोलरक्षक रोनवेन विलियम्स को छका कर गोल कर चेकिया को बढ़त दिलाई।
दक्षिण अफ्रीका के कोच हयूबो ब्रोज ने दूसरे हाफ में 21 बरस के तेज तर्रार स्ट्राइकर रिलोबोली मोफोकेंग को उतारा और उन्होंने कई खतरनाक हमले लेकिन चेकिया की रक्षांक्ति ने मुस्तैदी दिखा उन्हें रोक दिया। चेकिया की रक्षापंक्ति में डिफेंडर लदिस्लाव क्रेसीजी ने दक्षिण अफ्रीका के हमलों को नाकाम किया। मैच के 83वें मिनट में चेकिया के पावेल सुल्च ने अपने बॉक्स में हाथ से गेंद को रोका। इस पर मिली पेनल्टी किक को मोकोइना ने चेकिया के गोलरक्षक मातेज कोवर को गच्चा दे अचूक शॉट जमा गोल कर दक्षिण अफ्रीका को एक एक की बराबरी दिला दी।
स्विटजरलैंड ने बोस्निया हर्जेगोविना को हरा पहली जीत दर्ज की
दूसरे हाफ में खेलने उतरे 20 बरस के नौजवान बदलू स्ट्राइकर योहान मंजंबी के मैच के आखिरी 15 मिनट के भीतर दागे दो और रुबन वर्गज और अनुभवी खिलाड़ी कप्तान ग्रेनिट खाका के मैच खत्म होने ठीक पहले इंजुरी टाइम में मिली पेनल्टी किक पर दागे एक-एक गोल की बदौलत स्विटजरलैंड ने बोस्निया हर्जेगोविना को ग्रुप बी के मैच में 4-1 से हरा कर पहली जीत दर्ज की। पराजित बोस्निया हर्जेगोविना के लिए मैच का इकलौता गोल खेल खत्म होने से पहले अर्मिन महमिच ने दागा।
मैच एक समय यह ड्रॉ की ओर बढ़ता लग रहा था लेकिन इसमें आखिरी इंजुरी टाइम सहित आखिरी 24 मिनट के भीतर ही पांचों गोल हुए और इसमें स्विटजरलैंड ने चार गोल कर बड़ी जीत दर्ज की। स्विटजरलैंड ने कतर के खिलाफ अपना पहला मैच ड्रॉ खेला था। अब उसके अब दो मैचों से चार अंक हो गए हैं। स्विटजरलैंड की टीम गोल अंतर में कनाडा से पिछड़ कर ग्रुप बी में फिलहाल दूसरे स्थान पर है। स्विटजरलैंड के सबसे नौजवान स्ट्राइकर योहान मंजंबी दो गोल कर जीत के नायक बन गए। 20 बरस के मंजंबी स्विटजरलैंड के लिए विश्व कप में गोल करने वाले सबसे कम उम्र के फुटबॉलर हैं।
मैच के 97वें मिनट में पेनल्टी किक पर यदि जब स्विटजरलैंड मंजंबी को इसे लेने का मौका देती तो वह मौजूदा विश्व कप में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी और कनाडा के जोनाथन डेविड की तरह हैट्रिक पूरी वाले तीसरे फुटबॉलर बन सकते थे। स्विटजरलैंड ने यह पेनल्टी किक लेने का जिम्मा अपना लगातार चौथा विश्व कप खेल रहे कप्तान ग्रेनिट खाका को सौंपा और वह इसे गोल में तब्दील बदल कर विश्व कप में शकीरी के बाद तीन गोल करने वाले अपने देश के तीसरे फुटबॉलर बन गए।
दो गोल कर स्विटरजलैंड को मैच जिताने वाले 20 बरस के स्ट्राइकर योहान मंजंबी ने कहा, ‘बेशक विश्व कप में दो गोल कर स्विटजरलैंड को जिताना मेरे करियर का अब तक का सबसे शानदार पल है। मैं जानता हूं कि हम क्यों मैच में बढ़िया शुरुआत नहीं कर पाए क्योंकि हमें मैच में धैर्य दिखाने की जरूरत थी। हमने दिखा दिया कि हमारी टीम बढ़िया है।’
डेविड की हैट्रिक से कनाडा ने कतर को 6-0 से धोया
जोनाथन डेविड की हैट्रिक की बदौलत सह मेजबान कनाडा ने नौ खिलाड़ियों से खेल रही कतर पर ग्रुप बी के मैच में 6-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। कनाडा की यह पहली जीत है और अब उसके दो मैचों से चार अंक हो गए हैं। कनाडा ने बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ अपना पहला मैच ड्रॉ खेला था। कनाडा के स्विटजरलैंड की तरह दो दो मैचों से समान रूप से एक एक जीत और एक एक ड्रॉ के साथ चार अंक हैं। कनाडा अपने बेहतर गोल अंतर के कारण ग्रुप बी में फिलहाल शीर्ष पर है।
डेविड ने पहले हाफ में दो गोल और दूसरे हाफ में इंजुरी टाइम में मैच का अपना तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। जोनाथन मौजूदा विश्व कप में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी के बाद हैट्रिक जमाने वाले दूसरे फुटबॉलर बन गए हैं। कनाडा के लिए साइल लारिन, बदलू खिलाड़ी नाथन सालिबा ने भी एक एक गोल किया जबकि एक गोल कतर के मोहम्मद मनई के आत्मघाती गोल के रूप में सह मेजबान को ‘उपहार’ के रूप में मिला।
साइल लारिन ने बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ गोल कर कनाडा को मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी। लारिन ने मैच के 16वें मिनट में शुक्रवार को कतर के गोलरक्षक महमूद अबुंडा के हाथ को लगकर लौटती गेंद को गोल में डाल कर कनाडा का खाता खोला। जॉनाथन डेविड ने मैच के 29 वें मिनट बॉक्स के ठीक से दनदनाती वॉली जमा कतर के गोलरक्षक महमूद अबुंडा को छका गोल कर अपना मैच का पहला गोल कर कनाडा को 2-0 से आगे कर दिया। कतर के होमान अहमद को मैच के 30 वें मिनट में कनाडा के ताजोन बुकानन को गिराने पर रेड कार्ड दिखा कर मैदान से बाहर भेज दिया और तब उसके मैदान पर दस ही खिलाड़ी रह गए। जोनाथन डेविड ने इसका लाभ उठा कर पहले हाफ के खत्म होने से पहले तीन मिनट के इंजुरी टाइम में अपना मच का दूसरा गोल कर कनाडा को हाफ टाइम तक 3-0 से आगे कर मैच पर पूरी तरह उसकी पकड़ बना दी थी।
दूसरे क्वॉर्टर के शुरू में कनाडा के इस्माइल कोन को गिराने पर असीम मदिबो को रेफरी ने रेड गए। कार्ड दिखा कर मैदान से बाहर भेजे जाने पर कतर के मैदान पर नौ ही खिलाड़ी रह गए। नाथन सलीबा ने फ्री किक पर मैच के 64 वें मिनट में गोल कर कनाडा की बढ़त 4-0 कर दी। कतर के मोहम्मद मनई हड़बड़ी में अपने ही गोल में गेंद को डाल बैठे और उनके इस आत्मघाती गोल से कनाडा को 5-0 की बढ़त मिल गई। जोनाथन डेविड ने खेल खत्म होने से पहले इंजुरी टाइम में अपनी हैट्रिक पूरी कर कनाडा को 6-0 से मैच जिता दिया।