श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली भारत को मेहमान वेस्ट इंडीज से पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज भी जीतनी है तो बेंगलुरू में शनिवार को आखिरी मैच में टीम को बल्लेबाजी इकाई के रूप में बढ़िया प्रदर्शन करने की दरकार है। शुभमन गिल की अगुआई में भारत ने इससे पहले मेहमान वेस्ट इंडीज टीम से तीन वन डे अंतराष्ट्रीय मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी। कप्तान शे होप के तूफानी शतक से वेस्ट इंडीज ने भारत से हैदराबाद में सीरीज का चौथा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच 24 रन से जीत दो-दो की बराबरी हासिल कर ली है।
सीरीज के पांचवें व आखिरी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में बारिश रंग में भंग डाल सकती है। भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती दो शतकों और एक अर्द्बशतक सहित 261 रन बना शीर्ष पर चल रहे वेस्ट इंडीज के कप्तान शे होप और उनका पूरा साथ निभा रहे दो अर्द्ध शतक जड़ने वाले शेरफन रदरफर्ड (कुल 221 रन) को सस्ते में आउट करना होगा। भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को हैदराबाद में सीरीज के चौथे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट इंडीज के तेज गेंदबाज शेमार जोसेफ की गेंद पर कंधे में चोट लग गई थी। अर्शदीप सिंह की जगह बतौर ‘कवर’ स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार को पांचवें व आखिरी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच के लिए भारत ने अपनी टीम में जोड़ा है। भुवनेश्वर ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच 2022 में खेला था और मेहमान वेस्ट इंडीज के दौरे के बाद न्यूजीलैंड के दौरे पर जाने वाली टीम में शामिल किया गया है।
अर्शदीप यदि आखिरी मैच के लिए शनिवार को फिट नहीं होते हैं तो तब भुवनेश्वर कुमार चार बरस बाद अपने पसंदीदा बेंगलुरू के चिन्नास्वामी मैदान पर भारत की एकादश में खेलते दिखाई पड़ सकते हैं। स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार अपनी फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर (आरसीबी) को पिछली लगातार दो आईपीएल में खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। दिलचस्प होगा कि यदि अर्शदीप सिंह नहीं खेले और उनकी जगह भुवनेश्वर खेले और उन्होंने वेस्ट इंडीज के सीरीज के सबसे कामयाब बल्लेबाज उसके कप्तान शे होप को सस्ते में आउट कर दिया तो मेहमान टीम का सारा गणित ही गड़बड़ा सकता है।
भारत के चीफ कोच गौतम गंभीर ने पहले वन डे सीरीज और फिर टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में बेहद सपाट पिचों को लेकर अपनी नाराजगी जता चुके हैं। मेहमान वेस्ट इंडीज के खिलाफ इस सीरीज में भारत में जिस तरह की सपाट पिचें बनाई गई उन पर गेंदबाजों को बल्लेबाजों को आउट करने के लिए इकतरफा लड़ाई लड़नी पड़ी। भारत के वेस्ट इंडीज ने तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 2-1 से जीतने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने एकदम सही कहा कि सपाट पिचों पर गेंदबाजों करते हुए पहले गेंदबाजी करने के बाद भारतीय गेंदबाज आक्रमण और बचाव करने को लेकर असमंजस में नजर आए थे। मौजूदा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज में भारत और वेस्ट इंडीज, दोनों ही टीमें के गेंदबाजी की शुरू के चार मैचो में जमकर धुनाई हुई है।
हैदराबाद में कप्तान शे होप के शतक से चौथा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीत सीरीज में दो दो की बराबरी पाने से वेस्ट इंडीज के हौसले बुलंद होंगे। वेस्ट इंडीज 2002 के बाद से किसी भी क्रिकेट फॉर्मेट में भारत से भारत में सीरीज नहीं जीत सका है और उसकी कोशिश पांचवां व अंतिम टी 20 अंतर्राष्ट्रीय जीत इस सिलसिले को तोड़ने की होगी। बेंगलुरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम की बढ़िया उछाल वाली पिच और छोटी बाउंड्री के चलते इस टी 20 सीरीज के शुरुआती मैचों की तरह फिर रनों का अंबार देखने को मिल सकता है। ऐसे में दोनों टीमों में जिस भी टीम के गेंदबाज बेहतर और धारदार गेंदबाजी करेंगे वही यह पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज जीत लेगी। भारत
मौजूदा टी20 सीरीज में तीन बार 200 से अधिक रन बनाने के बावजूद मात्र एक बार जीत पाया। भारत ने इंदौर और रांची में समान रूप से 223 रन का स्कोर बनाया और एक बार ही इसका बचाव कर जीत पाया जबकि एक में उसे हार मिली। भारत के रांची में दूसरे टी में 249 रन बनाने के बाद हार के बाद लगा कि पिच गेंदबाजों की ‘कब्रगाह’ हैं।
वेस्ट इंडीज के लिए रंग में चल रहे कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज शे होप के सलामी जोड़ीदार के रूप मे चौथे मैच में ज्वेल एंड्रूयू ने बेहतरीन पारी खेली थी और अब रोमारियो शेफर्ड के फिट होने से उसके पास अब पांचवें व निर्णायक टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच के लिए बेहतरीन एकादश है। शे होप अब ब्रायन लारा के बाद वेस्ट इंडीज के लिए वन डे में दूसरे सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन क्रिस गेल को पीछ छोड़ कर टी 20 अंतर्राष्टीय क्रिकेट में अपने देश के लिए सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। भारत ने मेहमान वेस्ट इंडीज टीम के कप्तान होप को इस दौरे पर वन डे और टी 20 अंतर्राष्ट्रीय सहित जिन चार मैचों में आउट किया वे जीते हैं।
वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप भारत दौरे पर आने वाले पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए है जिसने उसके खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में पांच शतक जड़े हैं। भारत के लिए मौजूदा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (5 विकेट) और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर नमन धीर (5 विकेट), मयंक यादव (4 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल (चार विकेट) व बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव (3 विकेट) जबकि दो दो मैच खेलने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और नीतिश कुमार रेड्डी ने एक एक विकेट चटकाया। भारत के लिए प्रिंस यादव इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने दस रन प्रति ओवर से कम रन दिए जबकि बाकी पांचों गेदबाजों ने करीब 11 रन से अधिक की दर से रन देकर विकेट चटकाए हैं।
वहीं भारत के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुरू के चार मैचों में एक शतक सहित सबसे अधिक 159 , सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (कुल 152 रन) पिछले दो मैचों में दो अर्द्ध शतक जड़ कर दूसरे, अभिषेक शर्मा (कुल 139 रन) एक अर्द्ध शतक जड़ा जबकि इशान किशन (123 रन) और उपकप्तान तिलक वर्मा (115) तेज आगाज करने के बाद उसे बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे है जबकि आठवें नंबर तक बल्लेबाज रखने की रणनीति के चलते तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतिश कुमार रेड्डी ( 2 मैच, 41 रन) और शिवम दुबे (2 मैच, 7 रन) बल्ले ही नहीं गेंद से भी कोई कमाल नहीं दिखा सके। भारत के बल्लेबाजों को बढ़िया आगाज को भुनाने की जरूरत है। संजू सैमसन के बल्ले से अच्छे प्रदर्शन के चलते 15 वर्षीय नौजवान सलामी बल्लेबाज को अब शनिवार को लगातार पांचवें और आखिरी टी20 अंतर्राष्ट्रीय में भी भारत की एकादश में जगह मिलती नहीं दिखाई देती है। भारत के लिए अच्छी बात है कि उसके लिए दो सीरीज में दो अर्द्ध शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज संजू सैमसन ने वेस्ट इंडीज के सबसे कामयाब ऑफ स्पिनर रॉस्टन चेज (छह विकेट) को निशाना बना उनकी खूब धुनाई की है। चेज ने भारत के बाएं के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, इशान किशन, शिवम दुबे को बराबर सस्ते मेंआउट कर पैवेलियन लौटाया है।
मौजूदा टी20 सीरीज के शुरू के चार मैचों में गेंदबाजी में वेस्ट इंडीज के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर रॉस्टन चेज (छह विकेट), चौथे मैच में विकेट का ‘पंजा’ जड़ने वाले इकलौते तेज गेंदबाज ऑलराउंडर कीमो पा़ल (छह विकेट) ही विकेट चटकाने में शीर्ष पर हैं जबकि तेज गेंदबाज शमेर स्प्रिंगर(5 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर गुड़ाकेश मोती (3 विकेट) ने खासतौर पर अपनी गति परिवर्तन कर भारतीय बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसा आउट कर पैवेलियन की राह दिखाई है। रॉस्टन चेज ने वेस्ट इंडीज के लिए सही वक्त पर विकेट चटकाने के साथ कीमो पॉल के साथ दस रन प्रति ओवर की दर से रन दिए। भारतीय बल्लेबाजों को वेस्ट इंडीज के ऑफ स्पिनर चेज और तेज गेंदबाज कीमो पॉल से चौकस रहने की जरूरत है।
पांचवां व अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय : भारत बनाम वेस्ट इंडीज (बेंगलुरू, शनिवार शाम सात बजे से)।


