हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) और संबद्ध सेवाओं की भर्ती के तहत साक्षात्कार समाप्त होते ही अभ्यर्थियों के विस्तृत अंक जारी कर दिए हैं। कुल 675 अंकों में से 394.50 अंक हासिल कर अभिषेक सरोहा ने पहला स्थान प्राप्त किया। कुलदीप 392.90 अंकों के साथ दूसरे और इशा काला 388.60 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। अब अभ्यर्थियों को अंतिम परिणाम का इंतजार है।
पंचकूला स्थित आयोग के मुख्यालय में तीन से आठ अक्टूबर तक साक्षात्कार और पर्सनालिटी टेस्ट आयोजित किए गए थे। आयोग ने इंटरव्यू में शामिल अभ्यर्थियों के रोल नंबर के साथ उनके विस्तृत अंक भी सार्वजनिक किए हैं।
102 पदों के लिए हुई भर्ती
HCS और संबद्ध सेवाओं के 102 पदों के लिए करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से लगभग 52 हजार अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित हुई थी और इसका परिणाम चार मई को जारी किया गया। इसके बाद श्रेणीवार परिणाम 20 मई और संशोधित परिणाम एक जून को घोषित हुआ।
मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून तक आयोजित की गई, जिसका परिणाम 17 सितंबर को जारी हुआ। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार और पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया था।
विभिन्न श्रेणियों में इन अभ्यर्थियों ने किया टॉप
अनारक्षित वर्ग में अभिषेक सरोहा ने 394.50 अंक हासिल किए। उन्हें लिखित परीक्षा में 351.50 और इंटरव्यू में 43 अंक मिले। पिछड़ा वर्ग-बी में राहुल सैनी (रोल नंबर 1221603) 383.80 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे। उन्हें लिखित परीक्षा में 331 और इंटरव्यू में 52.80 अंक मिले।
इसी वर्ग में जैनव खातून (रोल नंबर 166944) ने 378.30 अंक हासिल किए। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में सिमरन (रोल नंबर 168269) 374.70 अंकों के साथ शीर्ष पर रहीं। वंचित अनुसूचित जाति वर्ग में नेहा कमल ने 332.50 अंक, जबकि अन्य अनुसूचित जाति वर्ग में समस्जीत सिंह ने 351.50 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।
इंटरव्यू में एकता को सर्वाधिक अंक
अनारक्षित वर्ग की एकता (रोल नंबर 191069) ने इंटरव्यू में सर्वाधिक 55 अंक हासिल किए। रोहित गुलिया को 54.40 और पारुल को 54.20 अंक मिले।
20 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका
आयोग ने प्रशासनिक और वैधानिक कारणों से 20 अभ्यर्थियों का परिणाम रोक दिया है। इनमें रोल नंबर 101971, 110199, 110587 और 120736 सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं। आयोग ने स्कोर कार्ड में हिंदी, अंग्रेजी और सामान्य अध्ययन के चारों प्रश्नपत्रों के विषयवार अंक भी जारी किए हैं। अब अंतिम परिणाम जारी होने पर भर्ती प्रक्रिया की अगली स्थिति स्पष्ट होगी।



