राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने UGC-NET दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है।
एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, UGC-NET दिसंबर 2026 परीक्षा का आयोजन 14 दिसंबर से 19 दिसंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में किया जाएगा। परीक्षा कुल 87 विषयों के लिए आयोजित होगी। इस परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थी जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पद की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल कर सकते हैं।
केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार होंगे आवेदन
एनटीए के निर्देशों के मुताबिक, अभ्यर्थियों को आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना होगा। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही आवेदन फॉर्म भर सकता है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सूचना बुलेटिन में दिए गए सभी निर्देशों और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें ध्यान
अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में अपना नाम, व्यक्तिगत विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी। अंतिम रूप से फॉर्म जमा करने के बाद विवरण में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपना या अपने माता-पिता अथवा अभिभावक का सक्रिय ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करें, ताकि परीक्षा से संबंधित सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।
एनटीए ने आवेदन प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की सिंगल साइन-ऑन सेवा ‘मेरी पहचान’ के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। अभ्यर्थियों को जहां संभव हो, आधार आधारित सत्यापन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
समस्या होने पर यहां करें संपर्क
आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी होने पर अभ्यर्थी एनटीए की हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, परीक्षा से संबंधित जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए ugcnet@nta.ac.in पर ईमेल भी भेज सकते हैं।


