दो बार पिछड़ने के बाद स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह के एक एक गोल से दो दो की बराबरी करने के बाद भारत मेजबान नीदरलैंड से पुरुष एफआईएच प्रो हॉकी लीग 2025-2026 के पहले मैच में रॉटरडम में 2-3 से हार गया। विजेता नीदरलैंड के लिए माइल्स बुकेंस, कोइन बीन और ताइमन रेयांगा ने एक एक गोल किया। अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने नीदरलैंड के खिलाफ रविवार देर रात इस मैच में खेल कर पूर्व ओलंपियन हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की के भारत के लिए सबसे ज्यादा 412 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दिलीप तिर्की ने मनप्रीत सिंह को अपने रिकॉर्ड की बराबरी करने पर बधाई दी।
मेजबान नीदरलैंड ने आक्रामक अंदाज में आगाल किया और शुरू में मिले चार पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन एक को भी गोल में नहीं बदल पाया। माइल्स बुकेंस ने मैच के तीसरे ही मिनट में रिवर्स हिट से भारत के गोलरक्षक को छका गोल कर नीदरलैंड का खाता खोला। शिलानंद लाकरा ने दसवें मिनट में डी के भीतर तेज शॉट जमा गोल कर भारत को बराबरी दिलाने की कोशिश की लेकिन बहुत करीब से उनका निशाना लक्ष्य चूक गया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के लंबे पास पर स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह ने मैच के दसवें मिनट में डी के ठीक उपर गेंद संभाली और नीदरलैंड के गोलरक्षक को छका गोल कर भारत को एक एक की बराबरी दिला दी।
नीदरलैंड ने दूसरे क्वॉर्टर में भी भारत के गोल पर बराबर हमले बोल कर दबदबा बनाए रखा लेकिन उसे शुरू में गोल करने में कामयाबी नहीं मिल। कोइन बीन ने दूसरे क्वॉर्टर के अधबीच डी के पहुंच तेज वॉली जमा गोल कर नीदरलैंड को 2-1से आगे कर दिया। नीदरलैंड की टीम हाफ टाइम तक 2-1 से आगे थी। भारत ने तीसरे क्वॉर्टर में मैच में वापसी करने की कोिश की और उसकी अग्रिम पंक्ति बढ़िया तालमेल से खेली। भारत ने तीसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और इस सुखजीत सिंह ने सेट पीस पर बढ़िा गोल कर भारत को दो दो की बराबरी दिला दी। ताइमन रेयंगा ने तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से पांच मिनट पहले भारत के गोलरक्षक को छका गोल कर एक बार फिर नीदरलैंड को बढ़त दिला कर 3-2 से आगे कर दिया। भारत ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में बराबरी पाने के लिए सकारात्मक खेल दिखाया लेकिन नीदरलैंड ने अपने किले की मजबूत चौकसी कर अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मैच जीत लिया।


