देशभर में IIT में प्रवेश की तैयारी कर रहे छात्रों ने JEE Advanced में प्रयासों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन करने की मांग तेज कर दी है। वर्तमान नियमों के तहत छात्र लगातार दो वर्षों में अधिकतम दो बार परीक्षा दे सकते हैं—पहला प्रयास 12वीं पास करने वाले वर्ष में और दूसरा अगले वर्ष।
12 हजार से अधिक छात्रों ने शिक्षा मंत्रालय, IIT काउंसिल और जॉइंट एडमिशन बोर्ड को याचिका देकर मांग की है कि या तो तीन प्रयास दिए जाएं या लगातार तीन वर्षों में दो बार परीक्षा देने की अनुमति हो। छात्रों का तर्क है कि JEE Main में 12वीं के वर्ष से लगातार तीन साल तक परीक्षा देने की सुविधा है, जबकि JEE Advanced में यह अवसर सीमित है।
उम्मीदवारों का कहना है कि JEE Advanced में शामिल होने वाले छात्र पहले ही JEE Main के जरिए चयनित होते हैं, इसलिए तीसरा प्रयास देने से सीटों की संख्या, परीक्षा की कठिनाई या चयन के मानकों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके मुताबिक इससे केवल अधिक छात्रों को अपनी वास्तविक क्षमता साबित करने का मौका मिलेगा।
छात्रों ने COVID-19 के दौरान दिए गए अतिरिक्त अवसर का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि इससे साबित हुआ कि जरूरत पड़ने पर परीक्षा व्यवस्था में बदलाव संभव है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि बीमारी, परीक्षा का दबाव, संसाधनों की कमी या देर से तैयारी शुरू करने के कारण कई छात्र दो प्रयासों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाते। खासकर ग्रामीण और वंचित पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए तीसरा प्रयास समान अवसर सुनिश्चित करने में मददगार हो सकता है।


