बैंक ऑफ बड़ौदा ने 2,482 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन किया जारी, आवेदन भी शुरू

आवेदन के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए

Published: 16:00pm, 18 Aug 2026

बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 2,482 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 7 सितंबर 2026 तक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में सबसे ज्यादा 1,185 पद गुजरात में हैं। इसके अलावा कर्नाटक में 418, महाराष्ट्र में 218 और तमिलनाडु में 132 पद हैं। उम्मीदवार केवल एक राज्य के लिए आवेदन कर सकते हैं और संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना जरूरी है।

आवेदन के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ किसी अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक में अधिकारी के रूप में कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए। क्लेरिकल कैडर का अनुभव मान्य नहीं होगा।

चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, भाषा दक्षता परीक्षा और ग्रुप डिस्कशन/पर्सनल इंटरव्यू शामिल हो सकते हैं। ऑनलाइन परीक्षा में 120 प्रश्न और 120 अंक होंगे तथा परीक्षा की अवधि 120 मिनट होगी। गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।

चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपये से 85,920 रुपये के वेतनमान में नियुक्त किया जाएगा। प्रोबेशन अवधि 12 महीने होगी और उम्मीदवारों को तीन साल की सर्विस बॉन्ड शर्त पूरी करनी होगी।

सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी और महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपये है। दोनों शुल्क में पेमेंट गेटवे चार्ज अतिरिक्त होगा।

YuvaSahakar Desk