भारत के अनंतजीत सिंह नरुका और परिनाज ढालीवाल की जोड़ी ने आईची नगोया में बृहस्पतिवार को निशानेबाजी में मिक्स्ड टीम स्कीट स्पर्द्धा में 44 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रह कर कांस्य पदक जीता। अनंतजीत और परिनाज की जोड़ी ने शूटिंग में तीन क्वॉलिफिकेशन राउंड में 44, 47 व 47 सहित 150 में से 138 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रह पदक दौर में स्थान बनाया।
क्वॉलिफिकेशन राउंड में कतर 145 अंकों के साथ पहले, दक्षिण कोरिया 143 अंकों के साथ दूसरे और चीन 140 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। बृहस्पतिवार को निशानेबाजी में मिक्स्ड टीम स्कीट स्पर्द्धा फाइनल में भारत छह सीरीज में 7, 7, 7, 8, 7 व 8 सहित कुल 44 सही निशाने के साथ तीसरा स्थान पाया। चीन ने 52 के विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण जीता जबकि दक्षिण कारिया ने 51 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
भारत के दोनों निशानेबाजों का मौजूदा एशियाई खेलों में यह दूसरा कांसा है। भारत के स्कीट निशानेबाजों ने लगातार दो दिन दमदार सही निशाने लगाए। नरुका और ढालीवाल दोनों ही बुधवार को भी कांसा जीतने वाली भारतीय स्कीट निशानेबाजी टीमों का हिस्सा थे। ढालीवाल ने बुधवार को पुरुष स्कीट टीम सऔर राइजा ढिल्लों ने महेश्वरी चौहान के साथ महिला टीम स्कीट स्पर्द्धा का कांसा जीता था।
अनंतजीत सिंह नरुका पुरुषों की वैयक्तिक स्पर्द्धा के फाइनल में चौथे पर स्थान पर रह कर पदक से चूके। जबकि ढालीवाल आठ महिलाओं के फाइनल में आठवें स्थान पर रही।
इससे पहले बृहस्पतिवार को निशानेबाजी में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्द्धा में भारत के कमलजीत, आकाश भारद्वाज और केदारलिग बालकृष्ण की टीम ने क्वॉलिफिकेशन राउंड में शिरकत की लेकिन फाइनल में स्थान नहीं बना सकी और 1727-53x के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही। चीनी टीम पहले,इंडोनेशिया दूसरे और जापान की टीम क्वॉलिफिकेशन में तीसरे स्थान पर रही। कमलजीत ने 580-18x, आकाश भारद्वाज 579-20x और केदारलिंग 568-15x का स्कोर किया।
भारत के वीर चोटरानी व अभय स्कवॉश क्वॉर्टर फाइनल में
एशियाई खेलों में स्कवॉश में भारत के वीर चोटरानी ने मलयेशिया के संजीव जीवा को एक घंटे और 17 मिनट के कड़े संघर्ष के बाद 3-2 (11-9, 8-11, 11-6, 15-17, 11-6) से हराकर और एशियाई खेलों के पदक विजेता अभय सिंह ने श्रीलंका के रविंदु लकसिरी पर 3-0 (11-3, 11-5, 11-6) से जीत के साथ पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया। अब सेमीफाइनल में स्थान पाने के लिए शुक्रवार को वीर चोटरानी पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान से भिड़ेगें जबकि अभय सिंह का मुकाबला जापान के रयुोसुक इसकुई से होगा।


