Trending News

 LPG पर बोले PM नरेंद्र मोदी- देश में पैनिक फैलाने की कोशिश कर रहे कुछ लोग, देशवासियों को किया आश्वस्त, कहा- अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है सरकार, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई          आज प्रधानमंत्री जारी करेंगे पीएम-किसान की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये         किसानों को सहकारी बैंक से 7 दिन में फसल ऋण, e-KCC से सिर्फ 2 दिन में लोन की सुविधा, समय पर लोन चुकाने पर 3% ब्याज की छूट, राज्यसभा में अमित शाह ने दी जानकारी         भारत बनेगा बन रहा दुनिया का फूड बास्केट, 9 FTA से भारत के लिए 38 देशों के बाजार खुले, AAHAR के 40वें संस्करण को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी जानकारी         जल जीवन मिशन 2.0 को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी, दिसंबर 2028 तक हर ग्रामीण घर में होगा नल से जल, 8.69 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया         मार्च में मौसम में लगातार बदलाव, गुजरात-राजस्थान में हीटवेव और लू का ऑरेंज अलर्ट, महाराष्ट्र में हीटवेव का यलो अलर्ट, 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट       

उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक: आधार कार्ड बनाने का पहला सहकारी केंद्र

उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा आधार नामांकन एवं संशोधन कार्य के लिए अधिकृत किया गया है। यह देश का पहला सहकारी बैंक है जिसे यह जिम्मेदारी मिली है, जिससे प्रदेशवासियों को आधार सेवाएं और सुलभ होंगी।

Published: 09:00am, 24 May 2025

आधार कार्ड की बढ़ती उपयोगिता और मांग को देखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड को आधार कार्ड बनाने के लिए अधिकृत किया है। यह देश का पहला सहकारी बैंक है, जिसे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल से उत्तर प्रदेश में आधार कार्ड निर्माण और संशोधन की सुविधा को और व्यापक बनाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सुगम और सुलभ सेवाएं प्राप्त होंगी।

उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री जे.पी.एस. राठौर ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सहकारी बैंकों की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड भारत के नागरिकों की विशिष्ट और प्रमाणिक पहचान का मजबूत आधार है। इसे बनाने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी और बैंक कर्मियों को प्रशिक्षित कर कार्य को गति प्रदान की जाएगी।

सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव श्री सौरभ बाबू ने इस उपलब्धि को विभाग के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक की शाखाओं के माध्यम से आधार कार्ड निर्माण शुरू होगा। द्वितीय चरण में यह सुविधा प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) तक विस्तारित की जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधार सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और नागरिकों को अपने नजदीकी केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध होगी। यह कदम सहकारी क्षेत्र में डिजिटल और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

YuvaSahakar Desk

Recent Post