नई दिल्ली। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की सलामी जोड़ी की आतिशी शतकीय भागीदारी की मदद से भारत ने अफगानिस्तान को एसीसी अंडर 19 वन डे एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में अल अमेरात में बृहस्पतिवार को आठ विकेट से शिकस्त दी। भारत अब फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा। अर्जुन राजपूत (107 रन, 85 गेंद, 5 छक्के, 11 चौके) के तूफानी शतक के बावजूद भारत ग्रुप ए में पाकिस्तान से तीन विकेट से हार गया था। भारत के पास फाइनल में पाकिस्तान हरा हिसाब चुका खिताब जीतने का मौका है।
विकेटकीपर नोमन सालारजई (51 रन, 78 गेंद, 2 छक्के, 2 चौके) और शाह फैजल रहीमी (51 रन, 72 गेंद, 2 चौके) के अर्द्धशतकों की बदौलत अफगानिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 227 रन बनाए। अफगानिस्तान को 200 के पार पहुंचाने में रहीमी की नोमर सालरजाई के साथ चौथे विकेट की 57 और कप्तान सुहेल खान (अविजित 36, 44 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के साथ सातवें विकेट की 60 रन की भागीदारी ने अहम भूमिका निभाई। रहीमी भारत के सबसे कामयाब मध्यम तेज गेंदबाज इशान सूद (3/43) की गेंद पर बोल्ड हुए। सूद ने साथ ही अब्दुल्ला नादरजन (14 रन, 23 गेंद, दो चौके) और मोहम्मद अल बरकजई (8 गेंद, 4 गेंद, एक छक्का) को भी आउट किया। आर्यन सवसानी (2/29) भारत के दूसरे सबसे कामयाब गेंदबाज रहे जबकि नोमन सालारजई को ऑफ स्पिनर अर्जुन राजपूत ने आउट किया।
जवाब में मैन ऑफ द मैच कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ( 93 रन, 90 गेंद, एक छक्का,13 चौके) की अपने सलामी जोड़ीदार आर्यवीर सहवाग (51 रन,57 गेंद, चार छक्के, चार चौके) के साथ पहले विकेट की 117 तथा वीके विनित के साथ दूसरे विकेट की 77 रन की भागदारी की बदौलत भारत ने 36.5 ओवर में दो विकेट पर 230 रन बनाकर मैच जीत लिया। वीके विनित ने अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नूर अली नियाजी की गेंद पर छक्का जड़ कर भारत को शानदार अंदाज में जीत दिलाई। विनित 62 गेंद खेल कर एक छक्के और पांच चौकों की मदद से 57 और यशबर्द्धन चौहान 14 गेंद खेल कर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर अविजित रहे। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 39 गेंद में नौ चौकों की मदद से मोहम्मद अली के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन दौड़ कर पारी के 14 वें ओवर में अपना अर्द्धशतक पूरा किया और आर्यवीर सहवाग ने पारी के 15 वें ओवर और स्पिनर सुहेल खान की दूसरी गेंद को मिडविकेट पर खेल कर भारत के स्कोर को 100 रन तक पहुंचाया।
सुहेल खान के तीसरे ओवर में आर्यवीर सहवाग ने दो और चौथे ओवर में एक छक्का जड़ा । आर्यवीर सहवाग (51) अंतत: तेज गेंदबाज नूर अली की नियाजीकी कुछ ज्यादा उछली गेंद को गेंद को उड़ाने की कोशिश में कवर में फरीदुल्लाह अहसास को कैच थमा बैठे और भारत ने पहला विकेट पारी के 17 वें ओवर में 117 रन खोया। तब लक्ष्य रायचंदानी 46 गेंद खेल कर दस चौकों की मदद स 57 रन पर खेल रहे थे। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (93) अफगानिस्तान के ऑफ स्पिनर सुहेल खान की गेंद की पिच तक पहुंचे बिना उसे उड़ाने की कोशिश में वाइड मिड ऑन पर मोहम्मद अली को कैच थमा दिया और भारत ने अपना दूसरा विकेट 194 रन पर गंवा दिया। लक्ष्य रायचंदानी ने अपना अर्द्ध शतक 39 गेंद कर नौ चौकों की मदद से पूरा किया।
पाक ने बांग्लादेश को सेमीफाइनल में दी शिकस्त
तेज गेंदबाज रिजवान उल्लाह (5/30) गेंद से ‘पंजे’ और बाएं हाथ के मोहम्मद सैयाम (2/29) की घातक गेंदबाजी तथा उस्मान खान (अविजित 64, 54 गेंद, 2 छक्के, सात चौके) व हयम खान (69 रन, 72 गेंद, एक छक्का, 8 चौके) की सलामी जोड़ी की 123 रन की भागीदारी की बदौलत पाकिस्तान (21.5 ओवर एक विकेट पर 141) ने बांग्लादेश (31.4 ओवर 138 रन) को पहले सेमीफाइनल में नौ विकेट से हराया। सलामी बल्लेबाज अब्दुल्लाह अल मुही (50 रन, 45 गेंद, दो छक्के, 4 चौके) का अर्द्धशतक भी बांग्लादेश के काम नहीं आया।


