उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि निदेशालय के तहत कनिष्ठ अभियंता (कृषि) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए कुल 134 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
UPSSSC के नोटिफिकेशन के मुताबिक कनिष्ठ अभियंता (कृषि) के 134 पदों में 54 पद सामान्य वर्ग, 23 पद एससी, 1 पद एसटी, 43 पद ओबीसी और 13 पद ईडब्ल्यूएस के लिए निर्धारित हैं। भर्ती का नोटिफिकेशन 14 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। आवेदन की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर 2026 है, जबकि आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तारीख 14 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती की मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का UPSSSC PET-2025 में शामिल होना और वैध स्कोरकार्ड होना जरूरी है। PET-2025 में शून्य या निगेटिव स्कोर प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर होगी। आयोग विज्ञापित पदों की संख्या के करीब 15 गुना उम्मीदवारों को श्रेणीवार मुख्य परीक्षा के लिए बुलाएगा।
कनिष्ठ अभियंता (कृषि) पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का हाईस्कूल या इसके समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। इसके साथ तीन वर्षीय कृषि इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना चाहिए। यह डिप्लोमा उत्तर प्रदेश के बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन या सरकार से मान्यता प्राप्त समकक्ष संस्थान से होना चाहिए और AICTE से अनुमोदित होना जरूरी है। उम्मीदवार की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना भर्ती वर्ष की 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
मुख्य परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें कृषि इंजीनियरिंग से जुड़े विषयों से 65 प्रश्न, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 प्रश्न और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से 20 प्रश्न होंगे। परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को दो घंटे का समय दिया जाएगा। गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की कटौती की जाएगी।
आवेदन के समय सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 25 रुपये प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों से बाद में अलग से मुख्य परीक्षा शुल्क लिया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर प्राप्त OTP का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में जरूरी जानकारी भरकर 25 रुपये की प्रोसेसिंग फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। आवेदन सबमिट करने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लेना चाहिए।


