मिडफील्डर स्टीफन यूस्ताकियो के खेल खत्म होने से ठीक पहले इंजुरी टाइम में दागे इकलौते गोल की बदौलत सह मेजबान कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के अंतिम 32 में 1-0 से हरा दिया। कनाडा ने इस जीत के साथ सबसे पहले अंतिम 16 में स्थान बना लिया। कोच जीसस मार्श के मागदर्शन वाली कनाडा की टीम अब हयुस्टन स्टेडियम में अंतिम 16 में नीदरलैंड और मोरक्को के बीच खेले जाने वाले अंतिम 32 के विजेता से भिड़ेगी।
दक्षिण अफ्रीका ने जोरदार हमलों से आगाज किया लेकिन आखिरी क्षणों में कनाडा के गोल के सामने चूकने के चलते वह गोल नहीं कर पाई। कनाडा के मिडफील्डर ताओन बुकानन गेंद को किक कर दक्षिण अफ्रीका के गोलरक्षक रॉनवेन विलियम्स को छकाने से चूके। कनाडा को गोल करने का सबसे बढ़िया मौका हाफ टाइम से पहले कॉर्नर पर दक्षिण अफ्रीका के बॉक्स के भीतर लगी भगदड़ में मिला। बॉम्बितो ने हेडर से गोल करने की कोशिश की लेकिन दक्षिण अफ्रीका के ऑब्रे मोदिबा ने अपने गोल रेखा पर उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि, लौटती गेंद पर बुकानन के शॉट को गोलरक्षक विलियम्स ने छाती से रोक कर कनाडा को गोल करने से रोक दिया। रिची लारिया को बॉक्स के अंदर गिराने पर कनाडा ने पेनल्टी किक की मांग की लेकिन रिव्यू के बाद पेनल्टी किक नहीं दी गई।
कनाडा ने दूसरे हाफ में मैच पर अपना पूरा नियंत्रण बनाया। तानी ओलयूवसई के शॉट को दक्षिण अफ्रीका के गोलरक्षक विलियम्स ने अच्छा पूर्वानुमान लगा कर रोका। इससे पहले की तानी वापस इसे कब्जे में लेते डिफेंडर बिकेजली बोकाजी ने अपने गोल से गेंद को बाहर कर आपनी टीम पर खतरा टाला।
कनाडा ने जब अल्फोंजो डेविस को ताओन बुकानन की जगह मैच के 75वें मिनट में उतारा तो दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका जोरदार स्वागत किया। डेविस ने अपनी रफ्तार और पैरों की कलाकारी दिखाकर दक्षिण अफ्रीका के गोल पर बराबर दबाव बनाया। मिडफील्डर स्टीफन यूस्ताकियो ने इंजुरी टाइम से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका के गोल के ठीक सामने से उछलती गेंद को गोल में डाल कर कनाडा को 1-0 से आगे कर दिया। मिडफील्डर स्टीफन यूस्ताकियो का यह गोल निर्णायक साबित हुआ और इससे कनाडा की टीम अंतिम 16 में पहुंच गई।
मैन ऑफ द मैच रहे स्टीफन यूस्ताकियो ने अपनी टीम को जीत दिलाने के बाद कहा, ‘हमने इस जीत के लिए बहुत मेहनत की। हम कनाडावासियों को इस जीत का तोहफा देना चाहते थे। हम खुद पर भरोसा बनाए रख कर आगे बढ़ते रहे। जब मैंने गोल में शॉट जमाया तो मुझे ऐसा महसूस हुआ कि हर किसी ने मेरे साथ यह शॉट जमाया है। मैं यह गोल कर अपनी टीम को जिताने पर बहुत खुश हूं। हम मोरक्को और नीदरलैंड को अपने खेल का जलवा दिखा कर यह अहसास कराएंगे कि अगर उन्हें हम से पार पाना है तो इस विश्व कप का अपना सबसे मुश्किल मैच खेलना होगा।