केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज मुंबई में ‘भारत टैक्सी’ ऑनबोर्डिंग अभियान का उद्घाटन किया। कांदिवली के कमला विहार स्पोर्ट्स क्लब में हुए इस कार्यक्रम में भारी संख्या में ऑटो और कैब चालक शामिल हुए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य चालकों को एक सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है ताकि उनकी कमाई बढ़ सके और काम में पारदर्शिता आए।
चालकों की आय और सम्मान पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि भारत टैक्सी चालकों को केवल कर्मचारी नहीं बल्कि ‘भागीदार’ मानती है। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से चालकों को ज्यादा सवारी मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। यह कदम मुंबई के शहरी परिवहन को आधुनिक और समावेशी बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा।
अमित शाह का विजन और राष्ट्रीय विस्तार
भारत टैक्सी का यह विस्तार गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उस विजन का हिस्सा है, जिसके तहत अगले तीन वर्षों में देश के सभी बड़े शहरों को इस नेटवर्क से जोड़ना है। मुंबई इस योजना का एक प्रमुख केंद्र है। दिल्ली-एनसीआर, गुजरात और लखनऊ के बाद अब मुंबई के चालक भी इस संगठित नेटवर्क का हिस्सा बन रहे हैं।
बढ़ते आंकड़े और सफलता
आंकड़ों की बात करें तो ‘भारत टैक्सी’ प्लेटफॉर्म ने बहुत कम समय में बड़ी सफलता हासिल की है। वर्तमान में इस नेटवर्क से 5.17 लाख से अधिक चालक जुड़ चुके हैं और 50 लाख से ज्यादा ग्राहक इसे इस्तेमाल कर रहे हैं। विभिन्न शहरों में हर महीने करीब 10 लाख राइड्स बुक की जा रही हैं। भारत टैक्सी के मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक पांडेय ने कहा कि मुंबई में इस विस्तार को लेकर चालकों और स्थानीय यूनियनों में काफी उत्साह है, जिससे हमें इस बाजार में और मजबूती से काम करने का भरोसा मिला है।


