बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने बिहार खेल विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होने का मौका मिलेगा। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
बीपीएससी की ओर से 29 और 30 जनवरी 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। यह भर्ती जिला खेल पदाधिकारी (District Sports Officer), सहायक निदेशक (खेल), सहायक निदेशक (युवा) और राज्य स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में व्याख्याता (Lecturer) के पदों के लिए आयोजित की गई थी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार परीक्षा में कुल 304 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
आयोग ने लिखित परीक्षा के अंकों के साथ स्नातक में प्राप्त अंकों, खेल से संबंधित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और खेल उपलब्धियों को भी मेरिट तैयार करने का आधार बनाया है। इन सभी मानकों के आधार पर कुल 75 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
जारी परिणाम के अनुसार, सामान्य वर्ग से 37, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से 6, अनुसूचित जाति (SC) से 4, अनुसूचित जनजाति (ST) से 3, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) से 15 और पिछड़ा वर्ग (BC) से 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछड़े वर्ग की महिलाओं, दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों और स्वतंत्रता सेनानियों के पोते-पोतियों की कुछ श्रेणियों में संयुक्त मेधा सूची के तहत कोई उम्मीदवार उपलब्ध नहीं था।
उम्मीदवार बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी रिजल्ट नोटिस में अपना रोल नंबर देखकर चयन की स्थिति की पुष्टि कर सकते हैं। इस सूची में इंटरव्यू के लिए चयनित सभी 75 अभ्यर्थियों के रोल नंबर दिए गए हैं।
फिलहाल आयोग ने इंटरव्यू की तारीखों की घोषणा नहीं की है। इसके लिए अलग से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसमें साक्षात्कार का कार्यक्रम और जरूरी दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे। बीपीएससी ने यह भी कहा है कि किसी प्रकार की लिपिकीय या टाइपिंग संबंधी त्रुटि सामने आने पर परिणाम में संशोधन किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आगे की अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।


