उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC), लखनऊ ने पशुपालन विभाग में वेटनरी फार्मासिस्ट के 1,308 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। विज्ञापन संख्या 18-परीक्षा/2026 के तहत वेटनरी फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा (PET-2025)/18 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 5 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
कुल 1,308 पदों में सामान्य वर्ग के लिए 576, अनुसूचित जाति के लिए 237, अनुसूचित जनजाति के लिए 6, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 359 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 130 पद निर्धारित हैं। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों, भूतपूर्व सैनिकों, महिलाओं, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण लागू होगा।
इस भर्ती में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने PET-2025 में हिस्सा लिया है और उनके पास आयोग का वैध स्कोरकार्ड है। PET-2025 में शून्य या नकारात्मक अंक पाने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थी के पास इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान विषय से उत्तीर्ण होने के साथ भारत में कानून के तहत स्थापित संस्थान से 2 वर्ष 3 महीने का वेटनरी फार्मेसी डिप्लोमा होना चाहिए। संबंधित परिषद या संस्थान में पंजीकरण की निर्धारित शर्त पूरी करना और देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान भी जरूरी है।
आयु की गणना भर्ती वर्ष की 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित एवं अन्य पात्र विशेष श्रेणियों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। प्रादेशिक सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा या NCC का ‘B’ प्रमाणपत्र रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के सामान्यीकृत अंकों के आधार पर की जाएगी। आयोग लगभग श्रेणीवार रिक्तियों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा।
मुख्य परीक्षा में 100 अंकों का एक वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र होगा, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। वेटनरी फार्मेसी से 65 प्रश्न, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 प्रश्न और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से 20 प्रश्न होंगे। वेटनरी फार्मेसी में पशुओं की शारीरिक संरचना, पोषण, औषधि विज्ञान और क्लिनिकल पैथोलॉजी जैसे विषय शामिल होंगे, जबकि कंप्यूटर खंड में हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, इंटरनेट, AI और बिग डेटा से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
आवेदन के शुरुआती चरण में उम्मीदवारों को 25 रुपये ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क देना होगा। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों से अलग से परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-5 के तहत 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर PET-2025 पंजीकरण संख्या के माध्यम से लॉगिन करना होगा। सत्यापन व्यक्तिगत जानकारी या OTP के जरिए किया जा सकेगा। PET-2025 में दर्ज कई व्यक्तिगत विवरण, फोटो और हस्ताक्षर आवेदन प्रक्रिया में स्वतः उपलब्ध होंगे। उम्मीदवारों को शैक्षणिक योग्यता की जानकारी भरकर पद का चयन करना होगा, ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क जमा करना होगा और भुगतान के बाद आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखना होगा।


