संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन (ESE) 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस परीक्षा के जरिए सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से जुड़े करीब 480 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हुई है और उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ESE 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी, जबकि मुख्य परीक्षा 18 जून 2027 को प्रस्तावित है। प्रारंभिक परीक्षा में दो पेपर होंगे। जनरल स्टडीज एवं इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड के पेपर-1 के लिए 200 अंक निर्धारित हैं और इसकी अवधि दो घंटे होगी। वहीं संबंधित इंजीनियरिंग विषय के पेपर-2 के लिए 300 अंक होंगे और इसे तीन घंटे में पूरा करना होगा।
इस भर्ती में करीब 480 रिक्तियां शामिल हैं, जिनमें 19 पद दिव्यांगजन यानी (PwBD) के लिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या अस्थायी है और इसमें बदलाव किया जा सकता है।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को UPSC के ऑनलाइन पोर्टल upsc.gov.in. पर जाकर जरूरी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ESE 2027 का आवेदन चुनकर व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। उम्मीदवारों को निर्धारित दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के साथ परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है, क्योंकि आवेदन जमा होने के बाद उसमें बदलाव या उसे वापस लेने की अनुमति नहीं होगी।
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को आधिकारिक अधिसूचना से जरूर जांचना चाहिए। UPSC ने ESE 2027 की अधिसूचना अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है।


