नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC NET री-एग्जाम 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। एजेंसी ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के फाइनल रिजल्ट घोषित किए हैं। इन तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को देशभर के 272 शहरों में आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर देख सकते हैं।
इन तीन विषयों का रिजल्ट अगस्त में घोषित किए गए अन्य विषयों के परिणाम के साथ जारी नहीं हो पाया था। अब NTA ने री-एग्जाम का परिणाम जारी कर दिया है। रिजल्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया है, जहां अभ्यर्थी अपने स्कोर और पात्रता की स्थिति चेक कर सकते हैं।
1.96 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
NTA के आंकड़ों के मुताबिक, इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की री-एग्जाम के लिए कुल 1,96,491 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 1,20,355 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जो कुल पंजीकृत उम्मीदवारों का करीब 61 प्रतिशत है।
परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों में से कुल 35,588 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। यह परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों का करीब 29.57 प्रतिशत है।
JRF से PhD तक हजारों उम्मीदवारों ने हासिल की पात्रता
री-एग्जाम के नतीजों में कुल 35,588 उम्मीदवारों ने अलग-अलग श्रेणियों में सफलता हासिल की है। इनमें 824 उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए पात्र पाए गए हैं। वहीं 11,610 उम्मीदवारों ने असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता हासिल की है।
इसके अलावा 23,154 अभ्यर्थी केवल PhD में प्रवेश के लिए पात्र घोषित किए गए हैं। इस तरह बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने UGC NET के माध्यम से उच्च शिक्षा और शोध के अगले चरण में प्रवेश का रास्ता साफ किया है।
UGC NET री–एग्जाम की कटऑफ कितनी रही?
तीनों विषयों में अलग-अलग श्रेणियों के लिए कटऑफ अलग रही। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सोशियोलॉजी में जनरल कैटेगरी के JRF की कटऑफ 232 अंक रही, जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए कटऑफ 206 अंक रही।
वहीं, कॉमर्स में जनरल कैटेगरी के लिए JRF कटऑफ 210 अंक और असिस्टेंट प्रोफेसर की कटऑफ 182 अंक दर्ज की गई। इंग्लिश में जनरल कैटेगरी के JRF की कटऑफ 226 अंक रही।
EWS, OBC, SC और ST सहित विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग कटऑफ निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी कैटेगरी और विषय के अनुसार आधिकारिक स्कोरकार्ड में कटऑफ और पात्रता की स्थिति जरूर जांचें।


