Trending News

मौसम: दिल्ली-NCR में गर्मी से बेहाल हुए लोग, 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 44-46 डिग्री तक जाने की संभावना, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार, बंगाल में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में तेज हीटवेव का अलर्ट 4 घंटे से अधिक चली केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक, PM मोदी बोले- विकसित भारत 2047 नारा नहीं, लक्ष्य है, तेजी से फैसले लें मंत्री 3 जुलाई से शुरू होगी 57 दिन की अमरनाथ यात्रा, 3.6 लाख से अधिक हुए रजिस्ट्रेशन, 5 से 30 लोगों के ग्रुप के लिए रजिस्ट्रेशन बंद, अकेले या छोटे ग्रुप में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन जारी मौसम: दिल्ली-NCR में गर्मी से बेहाल हुए लोग, 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 44-46 डिग्री तक जाने की संभावना, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार, बंगाल में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में तेज हीटवेव का अलर्ट 4 घंटे से अधिक चली केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक, PM मोदी बोले- विकसित भारत 2047 नारा नहीं, लक्ष्य है, तेजी से फैसले लें मंत्री 3 जुलाई से शुरू होगी 57 दिन की अमरनाथ यात्रा, 3.6 लाख से अधिक हुए रजिस्ट्रेशन, 5 से 30 लोगों के ग्रुप के लिए रजिस्ट्रेशन बंद, अकेले या छोटे ग्रुप में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन जारी

प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए लखनऊ से हर हाल में जीतना चाहेगी पंजाब 

लगातार छह मैच हारने के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स को प्ले-ऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए लखनऊ के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच हर हाल में जीतना होगा। दूसरी ओर, ऋषभ पंत की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्ले-ऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और आखिरी स्थान पर है।

Published: 16:23pm, 22 May 2026

नई दिल्ली, 22 मई, 2026: श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स के लिए लगातार छह हार के बाद आईपीएल 2026 के प्ले-ऑफ में पहुँचने की उम्मीद जिंदा रखने के लिए अब लखनऊ सुपर जायंट्स से शनिवार को लखनऊ में अपना 14वाँ और आखिरी रिटर्न लीग मैच हर हाल में जीतना होगा।

पंजाब किंग्स शुरू के सात मैचों में छह जीत और केकेआर के खिलाफ अपना मैच बारिश के चलते बेनतीजा अधूरा खत्म होने के बाद पहले बल्लेबाजी पावरप्ले में जरूरत से ज्यादा तेज रन बनाने के फेर में आनन-फानन में विकेट गंवा और बेदम गेंदबाजी के चलते अगले लगातार छह मैच हार कर राह भटक गई है। पंजाब किंग्स 13 मैचों से 13 अंकों के साथ पाँचवें और लखनऊ इतने ही मैचों में मात्र चार जीत और नौ हार के साथ आठ अंक लेकर दसवें और आखिरी स्थान पर है और प्ले-ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी है।

आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के रूप में तीन टीमें सबसे पहले प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। अब प्ले-ऑफ में पहुँचने वाली चौथी और आखिरी टीम के लिए राजस्थान रॉयल्स (13 मैच, 14 अंक), पंजाब किंग्स (13 मैच, 13 अंक) और केकेआर (13 मैच, 13 अंक) के रूप में तीन टीमें होड़ में हैं और तीनों का मात्र एक आखिरी लीग मैच बाकी है।

पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार के मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के पास गंवाने को कुछ नहीं है। प्रियांश आर्य की 93 रन की तूफानी पारी से पंजाब किंग्स ने न्यू चंडीगढ़ में मौजूदा सीजन में पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 47 रन से हराया था। लखनऊ सुपर जायंट्स से अब रिटर्न मैच में यदि पंजाब किंग्स हारी तो वह प्ले-ऑफ की होड़ से बाहर हो जाएगी।

आरसीबी के 222 रन के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए शशांक सिंह के अर्धशतक के बावजूद पंजाब किंग्स धर्मशाला में 8 विकेट पर 199 रन बनाकर पिछला मैच 23 रन से हार गई थी। वहीं मिचेल मार्श (96 रन) और जोश इंग्लिस (60) की ऑस्ट्रेलियाई सलामी जोड़ी की तूफानी शतकीय भागीदारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स 5 विकेट पर 220 रन बनाने के बावजूद अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स से सात विकेट से हार गई थी।

पंजाब किंग्स के लिए शुरू के 13 मैचों में कूपर कोनोली (473 रन) एक शतक और दो अर्धशतक की बदौलत रन बनाने में सबसे आगे हैं जबकि प्रभसिमरन सिंह (441 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (397 रन) ने पाँच-पाँच अर्धशतक, प्रियांश आर्य (12 मैच, 364 रन) ने तीन अर्धशतक तथा मार्कस स्टोइनिस (12 मैच, 216 रन), सूर्यांश शेडगे (6 मैच, 149 रन) व शशांक सिंह (11 मैच, 132 रन) ने एक-एक अर्धशतक जमाया है। नेहल वढेरा (8 मैच, 65 रन) का रनों के लिए तरसता बल्ला पंजाब किंग्स के लिए अखर रहा है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शुरू के 13 मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले प्रिंस यादव (16 विकेट) ने भारत की अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में स्थान बनाकर दिखाया है कि भले ही उनकी टीम इस आईपीएल सीजन में जूझ रही है लेकिन आने वाला कल उनका है। लखनऊ के लिए फिट होने पर तेज गेंदबाज मोहसिन खान (6 मैच, 11 विकेट), मोहम्मद शमी (12 मैच, 10 विकेट), आवेश खान (7 मैच, 6 विकेट), बाएँ हाथ के फिंगर स्पिनर एम सिद्धार्थ (4 मैच, 6 विकेट), शाहबाज अहमद (5 मैच, 5 विकेट), लेग स्पिनर दिग्वेश राठी (9 मैच, 5 विकेट) के गेंदबाजी इकाई के रूप में जूझने से कई ऐसे मौके भी आए जब टीम 200 अथवा इससे बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद अपने मैच हार गई।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शुरू के 13 मैचों में सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (563 रन) एक शतक और तीन अर्धशतक सहित रन बनाने में सबसे आगे हैं जबकि जोश इंग्लिस (4 मैच, 194 रन) ने दो अर्धशतक जड़े हैं। कप्तान ऋषभ पंत (287 रन), निकोलस पूरन (232 रन), मुकुल चौधरी (9 मैच, 164 रन) ने एक-एक अर्धशतक जड़ा है जबकि एडेन मार्करम (12 मैच, 232 रन) का अर्धशतक तक न जड़ पाना और हिम्मत सिंह (6 मैच, 92 रन), अब्दुल समद (7 मैच, 89 रन) के रनों के लिए जूझने के चलते लखनऊ सुपर जायंट्स तालिका में अपने अभियान का समापन भी दसवें और आखिरी पायदान पर करना तय ही समझे।

पंजाब किंग्स के लिए शुरू के 13 मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के लिए बाएँ हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (14 विकेट) का खासा महंगा होना और पावरप्ले में विकेट चटकाने के लिए जूझना पिछले लगातार मैचों में हार का बड़ा कारण है। पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाक (9 मैच, 9 विकेट), मार्को यानसेन (12 मैच, 7 विकेट), जेवियर बार्टलेट (9 मैच, 5 विकेट), शशांक सिंह (11 मैच, 3 विकेट) के गेंदबाज इकाई के रूप में जूझने के चलते ही पंजाब किंग्स शीर्ष से खिसक कर अचानक अधर में आ लटकी है। अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (10 विकेट) और बाएँ हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार (2 मैच, 2 विकेट) का विकेट के लिए जूझना पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को बुरी तरह अखरा है।

मेरी सोच हमेशा सकारात्मक रहती है: श्रेयस अय्यर

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘आरसीबी ने तूफानी आगाज किया और पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाना शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन था। मेरा मानना है कि हम पहले बल्लेबाजी पावरप्ले में ही मैच हार गए। पहले बल्लेबाजी पावरप्ले में हमने जो तीन विकेट गंवाए और वे हमारे रन बनाने वाले प्रमुख बल्लेबाज थे। बावजूद इसके शशांक सिंह और स्टोइनिस के साथ कई अन्य ने बढ़िया पारियां खेलीं। हम एक समय प्रति ओवर दस रन बनाने की ओर थे लेकिन आरसीबी के लिए भुवनेश्वर और हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी की। नतीजे चाहे जो रहें मेरी सोच हमेशा सकारात्मक रहती है। मैं अतीत को लेकर बहुत नहीं सोचता। जो बीत गया वह अतीत है। मैं हमेशा अंधेरे के बीच से दूर बेहद महीन उजाले की लकीर की तलाश और आस में रहता हूँ।’

जोफ्रा सहित राजस्थान के गेंदबाजों ने गजब की गेंदबाजी की: ऋषभ पंत

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, ‘राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों और खासतौर पर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने आखिरी ओवर में गजब की गेंदबाजी की। हम मैच में आखिरी ओवर में पाँच या दस रन और नहीं बना सके। आप हमेशा अपने गेंदबाजों पर भरोसा करते हैं लेकिन हमारे गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति थी। इस तरह की पिच पर बहुत सुझाव काम नहीं करते। आप अनुभव की कमी को हमेशा महसूस करते हैं क्योंकि इसे हासिल करने में बरसों लगते हैं। बाएँ हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद से पहले गेंदबाजी इसलिए नहीं कराई क्योंकि तब राजस्थान रॉयल्स के बाएँ हाथ के दो बल्लेबाज क्रीज पर थे। मुझे अपनी टीम पर फख्र है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है बेशक हमारी टीम एक बढ़िया टीम है।’

शनिवार का मैच: पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (शाम साढ़े सात बजे से)।

YuvaSahakar Desk